सीसीटीवी से संप हाउस की हो रही निगरानी, लाइव पड़ताल कर बारिश में तुरंत निकाला जाएगा पानी
पटना के संप हाउसों की निगरानी तीसरी आंख यानी सीसीटीवी से होने लगी है। वर्षा होने पर या अन्य विषम परिस्थितियों में अधिकारी कंट्रोल रूम से ही कर्मचारियों को निर्देशित कर सकते हैं।
पटना, जेएनएन। पटना के संप हाउसों की निगरानी तीसरी आंख यानी सीसीटीवी से होने लगी है। बुडको कार्यालय में बने हाईटेक नियंत्रण कक्ष से अधिकारी अब संप हाउस की स्थिति लाइव देख रहे हैं। संप हाउस में कितना पानी है, मोटर चल रही है या नहीं, कर्मचारियों की संख्या कितनी है, यह सब अब कंट्रोल रूम से बैठे-बैठे देखा जा सकता है।
जलजमाव की समस्या से मिलेगी निजात
ज्यादा वर्षा होने पर या अन्य विषम परिस्थितियों में अधिकारी कंट्रोल रूम से ही कर्मचारियों को निर्देशित कर सकते हैं। इससे काफी हद तक जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी। संप हाउस के बाहरी क्षेत्र पर भी सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। नियंत्रण कक्ष में अधिकारी बैठकर सीसीटीवी से निगरानी करने लगे हैं।
शहर के सभी संप हाउस पर रखी जाएगी नजर
सैदपुर संप हाउस में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसी तरह योगीपुर संप हाउस, पहाड़ी संप हाउस सहित शहर के सभी संप हाउस की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी कार्यपालक अभियंता बनाए गए हैं। यहां 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। तीनों पालियों में एक सहायक अभियंता और दो कर्मचारी तैनात किए गए हैं। बुडको एमडी रमण कुमार का कहना है कि संप हाउस की कई स्तर पर निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
संपों की निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं अभियंता
बुडको ने संप हाउसों की निगरानी के लिए दो मुख्य अभियंता, पांच अधीक्षण अभियंता, 13 सहायक अभियंता और 65 कनीय अभियंता तैनात किए हैं। इसके अलावे विभिन्न एजेंसियों के करीब 500 कर्मी तैनात किए गए हैं। तीनों पाली में कर्मी 15 अक्टूबर तक तैनात रहेंगे।