विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Mokama News: बारिश में ध्वस्त हुआ मोर स्टेशन जाने वाला निर्माणाधीन नाला, लोगों की बढ़ी परेशानी

Published: Thu, 14 May 2026 04:00 PM (IST)

मोकामा के मोर गांव में मोर स्टेशन जाने वाली सड़क पर बन रहा नाला बुधवार रात आंधी-बारिश में ढह गया, ...और पढ़ें

मोर स्टेशन

मोर स्टेशन

संवाद सूत्र,मोकामा(पटना)। मोकामा प्रखंड के मोर गांव में मोर स्टेशन जाने वाली सड़क पर बन रहा निर्माणाधीन नाला बुधवार रात आई तेज आंधी, तूफान और बारिश के बाद ध्वस्त हो गया।

नाले का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले के ध्वस्त होने के बाद सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। खासकर स्टेशन जाने वाले यात्रियों और ग्रामीणों को अब रास्ते में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

15वें वित्त आयोग से कराया जा रहा निर्माण

जानकारी के मुताबिक, मोर स्टेशन तक जाने वाली सड़क पर 15वें वित्त आयोग की राशि से नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य अभी जारी था कि बारिश के दौरान नाले का हिस्सा ध्वस्त हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि नाला निर्माण में फ्लैंक को सही तरीके से मिट्टी से नहीं भरा गया था। इसी वजह से बारिश का दबाव पड़ते ही निर्माणाधीन हिस्सा कमजोर होकर गिर गया।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर उठाए सवाल

नाला टूटने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि फ्लैंक की भराई समय पर और सही तरीके से की जाती तो नाला इतनी जल्दी नहीं टूटता।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

जिला पार्षद ने किया निरीक्षण

मोकामा पश्चिमी के जिला पार्षद कुमार नवनीत हिमांशु ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्त हुए नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नाला टूटने से मोर स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

उन्होंने बताया कि श्रमिकों की लापरवाही के कारण फ्लैंक में मिट्टी नहीं भरी गई थी। इसी वजह से बारिश के बाद नाले का हिस्सा कमजोर होकर गिर गया।

जल्द मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द नाले की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य ठीक नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ सकती है।

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में अधूरे और कमजोर निर्माण कार्य लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं।