अंत्योदय एक्सप्रेस से पटना मोकामा में 102 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर फरार
मोकामा में आरपीएफ और जीआरपी ने अंत्योदय एक्सप्रेस से 102 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। दुर्गा पूजा के दौरान ...और पढ़ें

ट्रॉली बैग में छिपाकर रखी थी शराब
HighLights
मोकामा में अंत्योदय एक्सप्रेस से शराब जब्त।
102 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर फरार।
आरपीएफ-जीआरपी ने दुर्गा पूजा पर की कार्रवाई।
संवाद सूत्र, मोकामा(पटना)। दुर्गा पूजा के दौरान शराब खपाने की तस्करों की मंशा पर मोकामा आरपीएफ और जीआरपी ने पानी फेर दिया। सूरत से जयनगर जा रही अंत्योदय एक्सप्रेस के सामान्य कोच से भारी मात्रा में महंगी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई से ट्रेनों के जरिए शराब की तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है।
हालांकि, शराब से भरे ट्रॉली बैग पर किसी यात्री ने अपना दावा नहीं किया। रेल पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान में जुटी है।
रेल मदद से मिली सूचना
मोकामा आरपीएफ इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार यादव और रेल थानाध्यक्ष प्रसिद्ध कुमार सिंह ने बताया कि 22564 डाउन अंत्योदय एक्सप्रेस में शराब की बड़ी खेप होने की सूचना रेल मदद के माध्यम से मिली थी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के मोकामा स्टेशन पहुंचने पर उसे रोककर सामान्य कोच की तलाशी ली गई।
ट्रॉली बैग में छिपाकर रखी थी शराब
तलाशी अभियान के दौरान सामान्य कोच से शराब से भरी कई ट्रॉली बैग बरामद हुईं। ट्रेन में सवार यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी इन बैगों पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद रेल पुलिस ने सभी ट्रॉली बैग को ट्रेन से उतारकर जब्त कर लिया। जांच में बैगों से महंगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
102.750 लीटर शराब जब्त
रेल थानाध्यक्ष प्रसिद्ध कुमार सिंह के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 102.750 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। शराब किस स्थान से लाई जा रही थी और इसे किस स्टेशन पर उतारने की योजना थी, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तस्करों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
शराब की खेप पर किसी यात्री के दावा नहीं करने के बाद रेल पुलिस स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के जरिए ट्रॉली बैग लेकर ट्रेन में चढ़ने वाले संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल इस मामले में तस्करों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
समस्तीपुर तक तस्करी की आशंका
प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि शराब उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी और इसे समस्तीपुर पहुंचाने की योजना थी। हालांकि, रेल पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से चली थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
