मोकामा में शराब पीकर सड़क पर बवाल काटना पड़ा भारी, पुलिस ने तस्कर समेत 3 नशेड़ियों को भेजा जेल
मोकामा और घोसवरी में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी और सेवन से हंगामा थम नहीं रहा ...और पढ़ें

पुलिस ने तस्कर समेत 3 नशेड़ियों को भेजा जेल
HighLights
मोकामा में शराब तस्करी और सार्वजनिक उपद्रव का सिलसिला जारी।
हाथीदह रेल और मोकामा आरपीएफ ने शराब तस्कर को पकड़ा।
शराब पीकर हंगामा करने वाले तीन नशेड़ियों को पुलिस ने दबोचा।
संवाद सूत्र, मोकामा। घोसवरी और मोकामा में शराब की आमद और इसका सेवन कर हंगामा खड़ा करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शराबबंदी कानून लागू होने और पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद शराब की बेलगाम आमद और इसका सेवन बेकाबू हो रही है। ट्रेन से शराब की खेप लाने और इसे खपाने की कड़ी भी प्रतिदिन जुड़ रही है।
शुक्रवार को हाथीदह रेल व मोकामा आरपीएफ पुलिस ने संयुक्त रुप से अभियान चलाकर अंतर्जिला स्तरीय एक शराब तस्कर को दबोच लिया। स्टेशन परिसर से दबोचे गए तस्कर रोहित कुमार के पास से रेड लेबल और जानी वाल्कर ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गयी।
ऑटो से विदेशी शराब बरामद
मोकामा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रविंद्र कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार शराब तस्कर रोहित कुमार की पहचान बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र के वाजिदपुर ग्राम निवासी मुकेश साव के बेटे के रूप में हुई है।
गुरुवार को भी मरांची पुलिस ने भारी मात्रा में एक ऑटो से विदेशी शराब बरामद की थी। पुलिस अधिकारी की सक्रियता के बावजूद ट्रेन के माध्यम से शराब की तस्करी ज्यादा सुरक्षित बन गयी है।
मजमा लगाने के आरोप में तीन नशेड़ियों को दबोचा
वहीं,देसी और विदेशी शराब का सेवन कर सड़क पर बवाल खड़ा करने का मामला भी बढ़ रहा है। मोकामा पुलिस ने शराब पीकर अपने पड़ोसियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और हंगामा कर मजमा लगाने के आरोप में तीन नशेड़ियों को दबोच लिया।
भोले शंकर की नगरी शिवनार से अपने चाचा को गाली देने और नशे में हंगामा करने के आरोप में दो सहोदर भाइयों हरेराम व मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया । बरहपुर गांव से सुबोध बिंद और हाथीदह थाना क्षेत्र के दरियापुर से भी एक नशेड़ी की गिरफ्तारी हुई है। दरियापुर चौक पर खुलेआम नशे में धुत्त मोहम्मद शकील ने घंटों हंगामा किया।
सूचना पाकर अपर थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने हंगामा कर रहे इस नशेड़ी को पकड़ लिया। मोकामा पुलिस ने SC/ ST एक्ट में गोसाईं गांव निवासी अरविंद कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
