बिहार: वर्दी में होमगार्ड के जवान ने लगाई छलांग, गंगा में डूब रही बुजुर्ग महिला की बचाई जान
मोकामा के तपस्वी गंगा घाट पर एक होमगार्ड जवान विकास कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में कूदकर डूब रही बुजुर्ग महिला हिंगला देवी की जान बचाई।
HighLights
होमगार्ड जवान विकास ने वर्दी में गंगा में छलांग लगाई।
मोकामा के तपस्वी घाट पर बुजुर्ग महिला की जान बचाई।
पुलिस की बहादुरी और इंसानियत की मिसाल पेश की।
संवाद सूत्र, मोकामा। मोकामा में एक दारोगा और होमगार्ड के जवान ने मानवता और इंसानियत की अनोखी मिसाल पेश की है। दारोगा और होमगार्ड जवान की बहादुरी से पुलिस महकमे की इस नई और साफ छवि की सर्वत्र चर्चा हो रही है।
बताया जाता है कि मोकामा नगर के तपस्वी गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान एक सत्तर वर्षीय महिला गंगा की तेज धार में बह गई। मौके पर मौजूद श्रधालुओं ने गंगा नदी में महिला को बहते देख चिल्लाना शुरू कर दिया।
संयोग से इसी समय दिवा गश्ती के दौरान गंगा घाट पहुंचे दारोगा आशुतोष मिश्रा और होमगार्ड के जवान विकास कुमार से श्रधालुओं ने डूब रही महिला को बचाने की मिन्नत की। दारोगा आशुतोष मिश्रा ने समय गंवाए बिना होमगार्ड जवान से महिला को बचाने की गुजारिश की।
होमगार्ड जवान विकास कुमार ने तत्काल जूते खोल वर्दी में ही गंगा नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद होमगार्ड जवान ने तैर कर गंगा नदी की तेज धार में बह रही महिला को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
गंगा में डूब रही महिला की पहचान बांका जिले के सारठ थाना क्षेत्र के टहबा ग्राम निवासी टहलू यादव की पत्नी हिंगला देवी के रुप में हुई है। हिंगला देवी दो अन्य महिलाओं के साथ गंगा स्नान करने आई थी। इसी क्रम में गंगा की तेज धार में डूब रही थी।
मोकामा के एक दारोगा और होमगार्ड जवान की इस हिम्मत और साहस की खूब प्रशंसा हो रही है। होमगार्ड जवान विकास कुमार ने बताया कि आनन-फानन में जूते खोलकर गंगा नदी में कूद पड़ा। उस समय महिला की जान बचाने की सिर पर धुन सवार हो गई थी। अपनी जान जाने की तनिक भी चिंता नहीं हुई।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने दारोगा व होमगार्ड जवान के जज्बे और पराक्रम की सराहना की है। नगर के प्रबुधजनों ने भी पुलिस की इस बेमिसाल छवि को सलाम किया है।
दारोगा आशुतोष मिश्रा ने बताया कि बुजुर्ग महिला को कपड़े दिए गए और भोजन कराकर ट्रेन भाड़ा के साथ सम्मान से विदा किया गया।
