कभी CM मांझी को धमकी देने वाले अनंत सिंह को हत्याकांड में मिली जमानत
कभी सत्ता के करीब रहे, लेकिन अब निर्दलीय विधायक अनंत सिंह फिर चर्चा में हैं। बीते जून में पटना के बाढ़ में हुई एक हत्या के बाद गिरफ्तार अनंत सिंह को हत्या के ही एक अन्य मामले में पटना हाईकोर्ट ने जमानत दी है।
पटना। कभी सत्ता के करीब रहे, मुख्यमंत्री तक को धमकी दे डाली। ये हैं निर्दलीय विधायक अनंत सिंह। बीते जून में पटना के बाढ़ में हुई एक हत्या के बाद गिरफ्तार अनंत सिंह को हत्या के ही एक अन्य मामले में पटना हाईकोर्ट ने जमानत दी है।
न्यायाधीश जितेंद्र मोहन शर्मा की अदालत ने सोमवार को संजीत कुमार उर्फ संजीत पहलवान की हत्या के मामले में अनंत सिंह को जमानत दे दी। इस हत्याकांड को लेकर बेउर थाने में 2009 में एफआइआर दर्ज हुई थी। इस मामले में जमानत मिलने के बावजूद अनंत सिंह फिलहाल जेल से नहीं निकल पाएंगे, क्योंकि दूसरे कई मामले उनकी रिहाई के रास्ते में बने रोड़ा बने हुए हैं।
पढ़ें : SEX RACKET : सामने आई MLA राजबल्लभ को लड़की परोसने वाली सुलेखा की तस्वीर
अनंत सिंह की ओर से पूर्व मंत्री व महाधिवक्ता पीके शाही ने पक्ष रखा। उनका कहना था कि यद्यपि संजीत हत्याकांड में अनंत सिंह को अभियुक्त बनाया गया है, लेकिन प्रत्यक्ष रूप से अभियुक्त के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है, जबकि मामले के मुख्य अभियुक्त को पहले ही जमानत मिल चुकी है। इस केस में अनंत सिंह पिछले साल अगस्त से न्यायिक हिरासत में हैं।
अपर लोक अभियोजक डॉ. मायानंद झा ने कहा कि कांड में बारे में अभियुक्तों के बीच वार्तालाप हुई, जिसमें कहा गया था कि 'काम हो गया।' उन्होंने यह भी कहा कि अभियुक्त के खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक मामले लंबित हैं। इस पर अदालत ने कहा कि सिर्फ इतने आरोप पर अभियुक्त को जेल में नहीं रखा जा सकता है।
मोकामा से निर्दलीय विधायक
2005 पहली बार मोकामा से चुनाव जीतने वाले अनंत सिंह को अपने इलाके में छोटे सरकार के नाम से भी जाना जाता है। बाढ़ में बीते साल एक हत्या के सिलसिले में गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह का जदयू से नाता टूट गया। इसके बाद बीते विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।
इलाके में बोलती तूती
अतंत पर बिहार में करीब तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। मोकामा के इस डॉन की सरकार अलग ही चलती रही है। इस पूरे इलाके में अभी भी अनंत के नाम की तूती बोलती है।
कुछ साल पहले अनंत सिंह का एक वीडियो आया था, जिसमें वे एके 47 राइफल लेकर नाचते दिख रहे थे। टीवी चैनलों पर आईं ये तस्वीरें बयां कर रही थीं कि इस बाहुबली की अपने इलाके में कैसी धमक है।
मुख्यमंत्री व मंत्री तक को दे डाली धमकी
अनंत सिंह के आतंक का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने बिहार का मुख्यमंत्री रहते हुए जीतनराम मांझी को धमकी दे डाली थी। यह धमकी तब दी थी जब मांझी ने नीतीश कुमार के खिलाफ बगावत की थी। इससे पहले अनंत सिंह ने नीतीश सरकार में मंत्री रहीं परवीन अमानुल्लाह को भी धमकी दी थी।
नौ साल की उम्र में गए जेल
कहा जाता हैं कि अनंत सिंह पहली बार महज नौ साल की उम्र में जेल गए थे। कानून की किताब में शायद ही कोई ऐसी धारा बची हो, जिसके तहत अनंत सिंह के नाम पर मुकदमा दर्ज न हुए हों। इनमें कत्ल, अपहरण, फिरौती, डकैती और बलात्कार जैसे तमाम संगीन मामले शामिल हैं।