मोहन भागवत का बड़ा बयान: राम मंदिर के लिए हिंदुओं को संगठित करेगा संघ
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भागलपुर में प्रांतीय और क्षेत्रीय इकाई की कार्यकारिणी की बैठक में बड़ी बात कही। उन्होंने क्या कहा, जानिए इस खबर में।
भागलपुर [जेएनएन]। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए संघ हिंदुओं को संगठित करेगा। इस मुद्दे पर साधु संत-समाज को भी संघ परिवार का समर्थन मिलेगा। मंदिर निर्माण आंदोलन की अगुवाई विश्व हिन्दू परिषद् करेगी। राम मंदिर का मुद्दा किसी दल या संगठन का नहीं होना चाहिए बल्कि यह देश का विषय होना चाहिए।
राम मंदिर को ले कही ये बड़ी बात
मंगलवार को स्थानीय आनंदराम ढांढनिया सरस्वती विद्या मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रांतीय और क्षेत्रीय इकाई की कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं के जवाब में संघ प्रमुख ने कहा कि हमारा काम अयोध्या में राम मंदिर बने इसके लिए हिन्दू समाज को संगठित करना, जनजागरण करना और संतों के आदेश व उनके निर्देशों के अनुरूप योगदान करना, इतना भर ही है। उनका दावा है कि अयोध्या में राम मंदिर अवश्यबनेगा। संघ की इस बैठक में उत्तर और दक्षिण बिहार के अलावा झारखंड से आए विभिन्न पदधारक कार्यकर्ता भाग ले रहे थे।
बैठक में सांगठनिक चर्चा
बैठक दोपहर बाद समाप्त हो गई। संघ के सभी शीर्ष पदाधिकारी लौट गए। इस दौरान प्रांतीय और क्षेत्रीय इकाई की भूमिका संघ कार्य को व्यापक बनाने में क्या होनी चाहिए, इस पर चर्चा हुई। संघ कार्य और समृद्ध व शक्तिशाली हो तथा इसमें संघ के अधिकारियों का क्या योगदान है, इस पर भी मंथन हुआ। करीब ढाई घंटे का एक सत्र हुआ। बैठक में सांगठनिक चर्चा भी हुई। आपसी विचार विमर्श हुआ।
मंदिर निर्माण में देरी होने पर चिंता व्यक्त
यह जिज्ञासा जाहिर की गई कि भाजपा राम मंदिर निर्माण में अध्यादेश क्यों नहीं ला रही है? यह प्रश्न सरसंघचालक से किया गया। मंदिर निर्माण में देरी होने पर चिंता व्यक्त की गई। इस पर भागवत ने कहा कि यह सरकार का काम है। अध्यादेश लाना या नहीं लाना, यह सरकार तय करे। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण की योजना में संत समाज लगा हुआ है। संघ की नजर भी मंदिर निर्माण की गतिविधियों पर है।
कार्यकर्ताओं को मोटिवेट करने का निर्देश
भागवत ने कहा कि संघ का संदेश निचले स्तर के कार्यकर्ता तक पहुंचाएं। कार्यकर्ताओं को मोटिवेट करने का भी निर्देश दिया।