गोपालगंज में कपड़े से मुंह बांधकर युवक ने किया किशोरी से दुष्कर्म, तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
विशंभरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कमरे में ले जाकर मुंह को कपड़े से बांध कर उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कुचाकयोट (गोपालगंज), संवाद सूत्र। विशंभरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक कमरे में ले जाकर मुंह को कपड़े से बांध कर उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका एक साथी भी वहां मौजूद था। इस घटना को लेकर पीड़िता के स्वजनोंं ने तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने किशोरी काे मेडिकल जांच कराने के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
एक युवक ने किया दुष्कर्म
बताया जाता है कि विशंभरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी एक किशोरी अपने घर के बाहर किसी काम से निकली थी। इसी दौरान दो युवक किशोरी के पास पहुंचे। उसे खींचते हुए एक कमरे में ले गए। कमरे में ले जाने के बाद दोनों युवकों ने मिलकर किशोरी का मुंह कपड़े से बांध दिया ताकि वह शोर नहीं मचा सके। उसके बाद उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। दरिंदगी करने के बाद दोनों युवक भाग गए। घटना के बाद बदहवास किशोरी अपने घर पहुंची। उसकी हालत देखकर परिवार वाले परेशान हो गए। उसने आपबीती सुनाई तो सभी सन्न रह गए। इसके बाद स्वजन किशोरी को लेकर थाना पहुंचे। स्वजनोंं के बयान पर तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल जांच कराने के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
युवक पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन लूटा
शहर के साधु चौक मोड़ के समीप बाइक सवार एक युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। चाकू से हमले में घायल शहर के हजियापुर कैथवलिया गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र यश कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक को बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।