दोस्त के साथ बाइक से जा रही किशोरी को बंधक बना चार युवकों ने किया दुष्कर्म Patna News
पटना में दोस्त के साथ बाइक से पटना आ रही दसवीं की छात्रा से फुलवारीशरीफ के नवादा मोड़ के पास दिनदहाड़े चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
पटना, जेएनएन। महिला की सुरक्षा पटना में दिनों दिन गिरती जा रही है। ताजा मामला नौबतपुर का है। यहां दोस्त के साथ बाइक से पटना आ रही दसवीं की छात्रा से फुलवारीशरीफ के नवादा मोड़ के पास दिनदहाड़े चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
बदमाशों ने उसके दोस्त सुबोध को बंधक बना लिया। फिर किशोरी को बांसवाड़ी में लेकर जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद सभी फरार हो गए। किशोरी को बेहोशी की हालत में छोड़कर उसका दोस्त भी भाग गया। बाद में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इधर, देर रात युवती के दोस्त सुबोध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शक है कि वह भी दुष्कर्मियों से मिला हुआ है।
पीड़ित किशोरी की बुरी तरह पिटाई भी की गई है। फिलहाल, एम्स में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष रफीकुर्रहमान पीड़िता का बयान लेने के लिए महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ अस्पताल पहुंचे, लेकिन पीड़िता बार-बार बेहोश हो जा रही थी। सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि दुष्कर्म की जानकारी मिली है। पीड़िता के होश में आने पर उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। आरोपितों का पता लगाया जा रहा है।
जींस खरीदने लेकर गया सुबोध, फिर भाग गया
बदमाशों ने किशोरी के कपड़े फाड़ दिए थे। सुबोध उसे लेकर नौबतपुर लौटने में असहज महसूस कर रहा था। वह उसे नवादा मोड़ के पास एक कपड़े की दुकान में जींस खरीदवाने के लिए लेकर गया, जहां पहुंचते ही किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी। तब सुबोध घबरा गया और उसे छोड़ बाइक से फरार हो गया। किशोरी सुबोध के पीछे दौड़ी और बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। उसे देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने पुलिस को इत्तिला देने के साथ किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप