नाबालिग बेटी से छेड़खानी पर शेरनी बनी मां, हेड मास्टर को स्कूल में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
बिहार का यह गुरु तो पूरा गुरू घंटाल निकला। लेकिन स्कूल की नाबलिग छात्रा के साथ छेड़खानी उसे महंगी पड़ी। सरेआम पिटाई तो हुई ही अब पुलिस का भी चक्कर लग गया है।
पटना [जेएनएन]। नाबालिग बेटी के साथ उसके स्कूल में प्रधानाध्यापक (Head Master) ने छेड़खानी की। इसकी जानकारी मिलने पर शेरनी बनी मां ने पहले तो प्रधानाध्यापक को भरे स्कूल में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, फिर इसकी एफआइआर (FIR) दर्ज करा दी। गुरु-शिष्य के रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह घटना बिहार के रोहतास (Rohtas) जिले की है।
छेड़खानी के आरोपित प्रधानाध्यापक को पीटा
मिली जनकारी के अनुसार रोहतास के एक स्कूल के प्रधानाध्यापक हीरा शाह पर एक छात्रा ने छेड़खानी (Molestation) का आरोप लगाया। उसने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इससे खफा मां ने स्कूल पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। गुस्साई मां ने स्कूल में प्रधानाध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर थप्पड़ों और सैंडिल से जमकर पीटा। घटना के दौरान वहां भारी भीड़ जुट गई। घंटों चले इस हाई वोल्टेज ड्रामा के दौरान वहां जुटी भीड़ तमाशबीन बनी रही।
घटना की एफआइआर दर्ज, इलाके में तनाव
इसके बाद मां ने रोहतास के काराकाट थाने में प्रधानाध्यापक के खिलाफ छेड़खानी की एफआइअार दर्ज करा दी। छेड़खानी के मामले में मां द्वारा आरोपित प्रधनाध्यापक की सरेआम पिटाई की पूरे इलाके में चर्चा है। घटना को लेकर तनाव व्याप्त है।