विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बख्तियारपुर का बदलेगा नाम! मंत्री संतोष सुमन ने CM सम्राट चौधरी के सामने रखा प्रस्ताव, कहा- 'नीतीशपुर' करें

Published: Wed, 09 Sep 2026 03:12 PM (GMT+05:30)

मंत्री संतोष कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' करने की मांग की है। यह ...और पढ़ें

बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुर करने की सीएम सम्राट चौधरी से मांग। फाइल

बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुर करने की सीएम सम्राट चौधरी से मांग। फाइल

HighLights

  1. मंत्री संतोष सुमन ने बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग की।

  2. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जन्मभूमि है बख्तियारपुर।

  3. सीएम सम्राट चौधरी से 'नीतीशपुर' करने का आग्रह किया।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में शहरों और स्थानों के नाम बदलने की मांग के बीच अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जन्मभूमि बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग उठी है।

बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने की मांग की है।

मंत्री संतोष कुमार सुमन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर केवल एक भौगोलिक पहचान नहीं है, बल्कि यह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता नीतीश कुमार की जन्मभूमि है।

महान जननेता की जन्मभूमि को मिले उनका नाम 

उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और राजनीतिक योगदान की स्मृतियां इस स्थान से जुड़ी हैं। संतोष कुमार सुमन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बिहार के महान जननेता की जन्मभूमि को उनका नाम मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति, विकास और शासन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में उनकी जन्मभूमि को उनके नाम से सम्मानित करना उस मिट्टी के गौरव और उससे जुड़ी जनभावनाओं का सम्मान होगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आग्रह करते हुए कहा कि बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ किया जाए। मंत्री के अनुसार, जिस धरती ने बिहार को नीतीश कुमार जैसा जननेता दिया, उसकी पहचान भी उसी गौरव से होनी चाहिए।

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री से किया आग्रह

मंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'बिहार के महान जननेता की जन्मभूमि को मिले उनका नाम, बख्तियारपुर बने नीतीशपुर।' उन्होंने कहा कि यह केवल नाम बदलने का विषय नहीं है, बल्कि उस स्थान के इतिहास और उससे जुड़ी भावनाओं को सम्मान देने का प्रयास है।

उन्होंने नीतीश कुमार के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और विकास व सुशासन से जुड़ी पहल ने बिहार की राजनीति को नई पहचान दी। इसी भावना के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष बख्तियारपुर का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा है।

पहले भी उठती रही है नाम बदलने की मांग

बिहार में अलग-अलग शहरों और स्थानों के नाम बदलने की मांग समय-समय पर उठती रही है। अब बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग सामने आने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन सकता है।

हालांकि, नाम परिवर्तन को लेकर अंतिम निर्णय सरकार के स्तर पर लिया जाना है। मंत्री की ओर से यह मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाने के बाद अब इस पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।