सामाजिक न्याय के साथ हो रहा बिहार का विकास : मंत्री
सूचना व जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार ने मनेर में जदयू कार्यकर्ताओं को जीत के बताए टिप्स।
पटना(मनेर)। विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष एवं सचिवों के सम्मेलन में रविवार को सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि हम लोगों को विरासत में धर्मनिरपेक्षता मिली है। धर्मनिरपेक्षता हमारा कर्म है। हम लोग कब्रिस्तान, गिरजाघर, मंदिर-मस्जिद सभी का घेराबंदी करवाते हैं ना कि कब्जा करते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय के साथ विकास हमारा संकल्प हैं। पहले के राज में बिहार में लोग बंगलामुखी और हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद घर से निकलते थे लेकिन आज कानून का राज कायम है। नीतीश राज में लोग बिना डर-भय के अपना काम करते हैं और कहीं भी आते-जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सली क्षेत्र माने जाने वाला पालीगंज हो या जहानाबाद आज चारों ओर शाति का माहौल है। जल जीवन हरियाली से फायदे के साथ ही सौर ऊर्जा एवं वाटर हार्वेस्टिंग के बारे में भी बताया। मौके पर मौजूद पत्रकारों ने नीरज कुमार से पूछा कि विरोधी लगातार यह कह रहे हैं कि गठबंधन टूटेगा या रहेगा, इस पर उन्होंने कहा कि पेट दर्द जब होता है तो सिर दर्द की दवा लेने से वह ठीक नहीं होता। जब सात निश्चय कायम है और नीतीश कुमार का नेतृत्व कायम है तो गठबंधन हमारा करार है। जिन लोगों को दरार महसूस होता है वे लोग राजनीतिक रूप से एक्सीडेंटल केस हैं। वहीं मनेर प्राथमिक केंद्र में मात्र 2 चिकित्सकों के रहने पर नीरज कुमार ने कहा कि इसके लिए स्थानीय विधायक की भी जिम्मेवारी है। स्थानीय विधायक क्या कर रहे हैं, उनको भी इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए।
सभा की अध्यक्षता जदयू के वरिष्ठ नेता विनोद सिंह ने की। संचालन प्रखंड जदयू अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रो. सूर्यदेव त्यागी, नागेंद्र चंद्रवंशी, नीलम अब्बास चौधरी, विनोद सिंह, चंद्रकात मिश्रा, विनोद राय, अरुण माझी, अनिल कुमार, रविन्द्र तांती, नंदकिशोर कुशवाहा, ललन शर्मा और सतीश कुमार सिंह आदि मौजूद थे।