दिन में गर्मी, शाम को मौसम ने बदली करवट
मंगलवार को राजधानी के मौसम में काफी बदलाव देखा गया।
पटना । मंगलवार को राजधानी के मौसम में काफी बदलाव देखा गया। सुबह से दोपहर तक तीखी धूप एवं गर्म हवा ने लोगों को काफी परेशानी किया। शाम में मौसम ने करवट बदली और राजधानी के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी के आकाश में बादल छाए रहने की उम्मीद है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। हर सप्ताह तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दो दिन पारा चढ़ने के बाद तापमान गिर जा रहा है। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन मंगलवार की शाम को मौसम का मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान गिरकर 37.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
तापमान में गिरावट आने एवं आकाश में बादल छाने से राजधानीवासियों से गर्मी से राहत की सांस ली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव का असर बुधवार को भी राजधानी में दिखाई देगा, लेकिन गुरुवार से राजधानी का आकाश एक बार फिर से साफ हो जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार से लेकर मिजोरम तक मौसम खराब है। पश्चिम बंगाल से लेकर बंग्लादेश तक का मौसम खराब है, लेकिन उसका ज्यादा असर बिहार में नहीं पड़ेगा। बुधवार को आकाश में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश नहीं होने के आसार हैं।
- - - - - - - - - - - - -