विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में वीडियो बनाने से रोका तो महिला सिपाहियों से की मारपीट, राइफल छीनने की कोशिश

Published: Sun, 19 Jul 2026 05:20 AM (IST)

मसौढ़ी में शराबियों के परिजनों ने वीडियो बनाने से रोकने पर दो महिला सिपाहियों पर हमला कर दिया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. मसौढ़ी में वीडियो बनाने से रोकने पर महिला सिपाहियों पर हमला।

  2. हमलावरों ने सिपाहियों को घायल किया, रायफल छीनने का प्रयास।

  3. पुलिस ने सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

संवाद सहयोगी, मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के श्यामनगर में शराब पीकर गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार रात दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों के पट्टीदारों ने जब महिला सिपाहियों से वीडियो बनाने की अनुमति मांगी, तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने महिला सिपाहियों के साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया।

इस दौरान उन्होंने महिला सिपाहियों की रायफल छीनने का भी प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को उन्हें जेल भेज दिया।

इस मामले में सहायक अवर निरीक्षक ललन कुमार ने श्यामनगर निवासी उपेंद्र प्रसाद के पुत्र रोहित कुमार, राहुल कुमार, सोनी कुमारी और पुनम देवी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, महिला सिपाही के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

शुक्रवार रात गश्त के दौरान एएसआई ललन कुमार को सूचना मिली कि दो शराबी श्यामनगर में गाली-गलौज कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उपेंद्र प्रसाद के पुत्र अरविंद कुमार और भगवानगंज थाना के दौलतपुर निवासी ललन सिंह के पुत्र रविरंजन कुमार को हिरासत में लिया।

शराब पीने की पुष्टि होने पर उन्हें थाना लाया गया। इसी दौरान आरोपितों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिसे महिला सिपाहियों ने रोका। इसके बाद आरोपितों ने हमला कर दिया। पुलिस ने हमला करने के चार और शराब पीने के दो आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

यह भी पढ़ें- रक्सौल में हनुमान मंदिर से 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी, पुलिस जांच में जुटी