विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में थाने से 300 मीटर दूर 77 लाख का डाका; 10 हथियारबंद बदमाशों ने दंपती को बनाया बंधक, बाइक भी ले गए

Published: Mon, 20 Jul 2026 11:41 AM (GMT+05:30)

पटना के मसौढ़ी में भगवानगंज थाना से 300 मीटर दूर एक ज्वेलरी कारोबारी के घर और दुकान में रविवार देर रात करीब 77 लाख रुपये की डकैती हुई।

HighLights

  1. मसौढ़ी में ज्वेलरी कारोबारी के घर 77 लाख की डकैती।

  2. 10 नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटा।

  3. थाने से 300 मीटर पर डकैती, पुलिस जांच जारी।

संवाद सहयोगी, मसौढ़ी (पटना)। पटना जिले के मसौढ़ी में भगवानगंज थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर रविवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी कारोबारी के घर और दुकान में करीब 77 लाख का डाका डाल दिया। 

करीब 10 नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर करीब 250 ग्राम सोना, 15 किलोग्राम चांदी और महिला के निजी आभूषण लूट लिए।

वारदात के बाद बदमाश कारोबारी की बाइक भी अपने साथ ले गए, जिसे बाद में अरवल जिले के कल्पा क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद किए जाने की सूचना मिली।

थाने के बेहद करीब हुई इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Robbery 1

(इसी दुकान को अपराध‍ियों ने बनाया न‍िशाना।)

सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंचे बदमाश

पीड़ित कारोबारी दीपक सोनी ने बताया कि उनके घर के निचले हिस्से में 'चांदनी अलंकार' नाम से आभूषण की दुकान है। रविवार रात करीब एक बजे वह पत्नी के साथ छत पर बने कमरे में सो रहे थे।

इसी दौरान बदमाश सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गए। उन्होंने बताया कि सभी बदमाश हथियारों से लैस थे।

कमरे में घुसते ही उन्होंने दोनों पति-पत्नी को कब्जे में ले लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए तिजोरी तक चलने को कहा।

पत्नी को बंदूक की नोक पर रखा, दुकान से समेटे लाखों के गहने

दीपक सोनी के अनुसार, पांच बदमाश उन्हें लेकर नीचे दुकान में पहुंचे, जबकि अन्य पांच अपराधी उनकी पत्नी को बंदूक की नोक पर बंधक बनाए रहे।

बदमाशों ने दुकान की तिजोरी और अलमारियों में रखे करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और 15 किलोग्राम चांदी लूट ली। इसके अलावा उनकी पत्नी के शरीर पर पहने सभी जेवर भी उतरवा लिए।

सीसीटीवी कैमरे तोड़े, फिर फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब एक घंटे तक आतंक मचाने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए।

भागते समय वे कारोबारी की एक बाइक भी अपने साथ ले गए। बाद में सूचना मिली कि बाइक अरवल जिले के कल्पा ओपी क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़ दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।

थाने से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर हुई इस डकैती की घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।