अगमकुआं में विवाहिता की हत्या, पति गिरफ्तार
अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार धनुकी मोहल्ला में एक विवाहिता को बाइक नहीं मिलने पर ससुराल वालों द्वारा उसकी गला दबाकर हत्या करने और इसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप सामने आया है।
पटना सिटी। अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार धनुकी मोहल्ला में दहेज में बाइक नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। पूर्वी एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित पति गंगा सागर को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
छपरा जिला के डोरीगंज निवासी राजदेव महतो के पुत्र गोविदा ने बताया कि बहन अंजू देवी की दहेज के लिए उसके पति व ससुराल वालों ने मिलकर हत्या कर दी है। बहन की शादी वर्ष 2019 में 10 जुलाई को हुई थी। शादी के समय मुंह मांगा दहेज दिया गया था। कुछ माह पूर्व से पति गंगा सागर बाइक के लिए बहन को प्रताड़ित कर रहा था। बहन ने बाइक मांगने की बात बताई थी। इस बात पर पंचायत भी हुई। पंचायत में ससुराल वालों ने भरोसा दिया था कि वे दोबारा विवाहिता के साथ मारपीट नहीं करेंगे। इसके बाद वे लोग बहन को विदा कर ले आए। भाई गोविदा ने बताया कि शुक्रवार की रात ही दहेज के लिए बहन की गला दबा कर हत्या किए जाने के बाद शव को पति ठेला पर लेकर ठिकाने लगाने जा रहा था। संबंधियों और पड़ोसियों के टोकने पर लाश लेकर घर लौटा और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
अगमकुआं थानाध्यक्ष अभिजित कुमार ने बताया कि स्वजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर से विवाहिता का शव बरामद किया। ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
- वर्ष 2019 में 10 जुलाई को छपरा के डोरीगंज में हुई थी शादी
- कुछ माह पूर्व से पति बाइक के लिए कर रहा था प्रताड़ित