केरल में आज, 14 तक बिहार पहुंचेगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को केरल के तट पर दस्तक देगा।
पटना। दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को केरल के तट पर दस्तक देगा, इसके लिए बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर में काफी अनुकूल वातावरण तैयार हो गया है। सबकुछ ठीक रहा तो दो सप्ताह बाद 14-15 जून को मानसून बिहार में दस्तक देगा। राज्य के किसान बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। बिहार की कृषि मानसून पर निर्भर है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार केरल के आसपास मानसून के अनुकूल वातावरण है। बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर दोनों में मानसून की हवाएं चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर बिहार, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड में चक्रवाती हवाएं चल रही हैं। स्थानीय कारणों से इन प्रदेशों में आंधी चलने के साथ-साथ बारिश हो रही है।
सोमवार को राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश होने की उम्मीद है। शनिवार की रात राजधानी में 21.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रात में बारिश होने से दिन का मौसम काफी नम रहा। राजधानी की हवा में 66 फीसद आर्द्रता दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है बिहार का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। यह प्री-मानसून का दौर है। वर्तमान मौसम में यह सामान्य है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34.2 एवं न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को राजधानी के तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। - 34.2 डिग्री पटना का अधिकतम एवं 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान
- 66 फीसद आर्द्रता राजधानी की हवा में दर्ज की गई
दो सप्ताह बाद 14-15 जून को मानसून बिहार में दस्तक देगा
स्थानीय कारणों से इन प्रदेशों में आंधी चलने के साथ-साथ बारिश हो रही