पटना में चंद घंटों में दूसरी बड़ी वारदात, मालसलामी में युवक की गोली मारकर हत्या Patna News
पटना में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मालसलामी थाना क्षेत्र में युवक को मारकर उसकी हत्या कर दी गई है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए।
पटना, जेएनएन। राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने रविवार को चंद घंटों के अंदर दो बड़ी वारदातों को अंजाम दे दिया। पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में सुबह युवक को गोली मारने के बाद दोपहर में मालसलामी थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक दिन में दो हत्याओं से शहर में सनसनी मच गई है। सूचना पर पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र के सिमली इलाके में घटी है। यहां राकेश (25) को अपराधियों ने गोली मार दी है। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद घायल को एनएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर मालसलामी थाना क्षेत्र की पुलिस पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है। एक दिन में दो बड़ी वारदात होने से शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुबह पत्रकार नगर में युवक को मारी गोली
इसके पहले रविवार की सुबह राजधानी के पॉश इलाके पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मार दी गई। पता पूछने पर शुरू हुए विवाद के बाद जोगीपुर नहर के पास बाइक सवार अपराधियों ने रोशन कुमार नाम के पर फायर कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए। गंभीर अवस्था में घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पत्रकार नगर थाना क्षेत्र की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। घायल वैशाली के विद्दुपुर का रहने वाला है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।