Top Patna News Of The Day 27 September 2019, बेगूसराय में गड्ढ़े में डूबकर तीन बच्चों की मौत, सिवान में दो भाइयों को पीटकर किया लहूलुहान, दशहरा महोत्सव में प्रस्तुति देंगे तलत, मालिनी और अनुराधा
बेगूसराय में शुक्रवार को खेल-खेल में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा स्कूल की छुट्टी के बाद खेल-खेल में गड्ढ़े के अंदर जाने के दौरान हुआ।
Top Patna News, 27 September Patna News, Top Patna News of the day, पटना की प्रमुख खबरें, पटना की टॉप खबरें।
बेगूसराय में गड्ढ़े में डूबकर तीन बच्चों की मौत
बेगूसराय, जेएनएन। जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लाखो थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में गड्ढ़े में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा स्कूल की छुट्टी के बाद खेल-खेल में गड्ढ़े के अंदर जाने के दौरान हुआ। सूचना मिलने पर ग्रामीण व पुलिस प्रशासन ने मिलकर बच्चों के शव को बाहर निकाला। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा गया। हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चों की पहचान लाखो ओपी थाना क्षेत्र शाहपुर निवासी राणा सिंह का पुत्र आदित्य राज(10), भूखो चौधरी के पुत्र दीना कुमार (9) व नन्हे कुमार पंडित का पुत्र अमन पंडित (9) के रूप में हुई है।
सिवान में दो भाइयों को पीटकर किया लहूलुहान
सिवान, जेएनएन। जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दरौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे घर में घुसकर सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। लहूलुहान होने के बाद दोनों को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर बदमाश फरार हो गए। चीफ-पुकार की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां भाइयों की हालत गंभीर देखकर उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। सूचना पर दरौली थाने की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। घायलों की पहचान अमरेश सिंह और हरिकेश सिंह के रूप में हुई है।
दशहरा महोत्सव में प्रस्तुति देंगे तलत, मालिनी और अनुराधा
पटना, जेएनएन। दशहरा महोत्सव में इसबार जमकर धमाल होगा। महोत्सव के दौरान श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक फनकार सुर, ताल, लय और हास्य की महफिल सजाएंगे। कलश स्थापना यानि 29 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज मशहूर गायक तलत अजीज के तरानों से होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी करेंगे।