Top Patna News Of The Day 22th June 2019, पटना में झमाझम बारिश, सिवान में हादसा दो की मौत, मोस्ट वांटेड पोखन यादव गिरफ्तार, वैशाली में लापता बच्चे का बोरे में मिला शव, छपरा में अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दो बाइक सवारों को रौंदा
पटना के मौसम का मिजाज शनिवार को बदल गया। बारिश के साथ ठंडी हवा चलने से तापमान में गिरावट के साथ काफी दिनों से जारी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार 22 जून को दिनभर की प्रमुख खबरें ये रहीं।
लंबे इंतजार के बाद बदला मौसम, पटना में झमाझम बारिश
पटना, जेएनएन। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही निकला। राजधानी में मौसम का मिजाज बदल गया है। लू के थपेड़ों से जिंदगी मुहाल करने के बाद बादल बरसे हैं। शनिवार को सुबह से धूप की आवाजाही के बाद करीब दस बजे से पटना में बारिश शुरू हो गई।
सिवान में स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर में दो की मौत
सिवान, जेएनएन। छपरा मुख्य पथ-531 पर दारौदा थाना क्षेत्र के जलालपुर पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। देर ट्रक स्कॉर्पियो से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चार को गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर दारौदा थाने की पुलिस पहुंच गई है। मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छपिया गांव निवासी साबुज व विराज कुमार के रूप में हुई है।
बाढ से मोस्ट वांटेड पोखन यादव गिरफ्तार
पटना, जेएनएन। बाढ़ में शनिवार को छापेमारी कर पुलिस ने बदमाश पोखन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से देसी कट्टा तथा .315 बोर की गोलियां भी बरामद की गई हैं। जिसे बाढ़ थाने की पुलिस ने जब्त कर लिया है। पोखन पर इसी थाने में कई मामले दर्ज थे। जिस वजह से फरार पोखन की पुलिस को काफी समय से तलाश थी।
वैशाली में लापता बच्चे का बोरे में मिला शव
वैशाली, जेएनएन। जिले में शुक्रवार की शाम से गायब पांच साल के बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना महनार नगर के वार्ड-2 खरजम्मा की है। बच्चे का शव घर से 100 गज की दूरी पर एक बोरे में बंद मिला है। हत्या में मृतक के परिजनों ने पड़ोसी पर शक जताया है। जिसके आधार पर पुलिस ने एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान संतोष राय पुत्र सौरव कुमार (5) के रूप में हुई है।
छपरा में अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दो बाइक सवारों को रौंदा
छपरा, जेएनएन। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेहिया फ्लाई ओवर ब्रिज के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को शनिवार को रौंद दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए आस-पास के लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप