Move to Jagran APP

महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

महाशिवरात्रि के मौके पर आज भगवान शिव की पूजा-आराधना के लिए तड़के सुबह से ही बिहार के विभिन्न शिवालयों में भक्तों की काफी भीड़ देखी जा रही है। लोग जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े हैं।

By Kajal KumariEdited By: Published: Fri, 21 Feb 2020 09:01 AM (IST)Updated: Fri, 21 Feb 2020 09:25 AM (IST)
महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

पटना, जागरण टीम। महाशिवरात्रि को लेकर शिवालय 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज रहे हैं। जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं। इस अवसर पर जगह-जगह शिव बारात व शोभा यात्राएं भी निकाली जाएंगी। पर्व को लेकर राज्‍यपाल फागू चौहान व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों को बधाई दी है।

loksabha election banner

सुबह से ही शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धाुल

महाशिवरात्रि को लेकर सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धाुल उमड़ पड़े हैं। गुरुवार की शाम से शिवालय सजा दिए गए हैं। भक्तों को मंदिर परिसर में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।

पटना के प्रमुख शिवालयों बांस घाट सिद्धेश्वरी काली मंदिर स्थित शिव मंदिर, शिव मंदिर खाजपुरा, महावीर मंदिर पटना जंक्शन,  मनोकामना मंदिर चित्रगुप्त नगर, शिव मंदिर बोरिंग रोड, पंचशिव मंदिर, जलेश्वर मंदीर कंकड़बाग, चूड़ी मार्केट आदि मंदिरों के पट सुबह से भक्तों के लिए खुल गए हैं।

भक्त मंदिरों में भगवान शिव को गंगाजल, दूध, भांग-धतुरा, शहद, गन्ने का रस आदि से जलाभिषेक कर उन्हें प्रसन्न कर रहे हैं। वही मां गौरी की पूजा अर्चना भी मंदिर परिसर में धूमधाम से हो रही है। महाशिव रात्रि को लेकर ग्रह-गोचरों की स्थिति अनुकूल है।

आप भी करें भोलेनाथ का जलाभिषेक -

आप भी भगवान भोले नाथ को दूध, दही, घी, सरसों का तेल, बेला का फूल,  आक, अलसी व शमी पत्र को समर्पित कर प्रसन्न कर सकते हैं। पंडित राकेश झा ने कहा कि महाशिव रात्रि का पर्व पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं गरीबों के बीच अन्न, कपड़ा आदि के दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। शिव व्रत करने से अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होने के साथ शिव की कृपा भक्तों पर बनी रहती है।

सूर्य पुराण के अनुसार, माना जाता है कि इस दिन भगवान शिव पृथ्वीलोक पर भ्रमण करने निकलते हैं। मान्यता है कि शिवरात्रि के दिन ही शिवलिंग का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था।

पूजा के शुभ मुहूर्त -

अभिजीत मुहूर्त - सुबह 11:41 बजे से 12:26 बजे तक

गुलीकाल मुहूर्त - सुबह 7:47 बजे से 9:13 बजे तक।

जगह-जगह शिव बारात व शोभा यात्राओं के आयोजन

महाशिवरात्रि के अवसर पर जगह-जगह शिव बारात व शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। शुक्रवार की दोपहर में पटना के सिमली से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा अशोक राजपथ के रास्ते देर रात गायघाट स्थित गौरी शंकर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां होंगी। ऐसी शोभा यात्राएं व झांकियां पूरे राज्‍य में निकाली जाएंगी।

हाजीपुर में बैलगाड़ी हांकते नजर आएंगे केंद्रीय मंत्री

हाजीपुर के पातालेश्वरनाथ मंदिर से हर साल निकलने वाली शिव बरात में केंद्रीय गृह राज्‍यमंत्री नित्‍यानंद राय बैलगाड़ी हांकते नजर आएंगे। गृह राज्यमंत्री ने कहा कि आज वे जो कुछ भी हैं, भगवान भोलेनाथ की कृपा से ही हैं। वे दो दशक से इस परंपरा का निर्वहन करते रहे हैं। गृह राज्यमंत्री के साथ हाजीपुर के विधायक अवधेश कुमार सिंह भी बैलगाड़ी पर सवार रहेंगे।

राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

शिवरात्रि की पूर्व संध्‍या राज्यपाल फागू चौहान व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने पर्व की बधाई दी। राज्यपाल फागू चौहान ने महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कहा भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़ी कथाओं से हमें अपने जीवन में प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद निरंतर सकारात्मक सोच और प्रयास बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है।उन्होंने अनुरोध किया कि सबलोग इस पर्व को सद्भावना, भक्ति, कल्याण कामना के साथ मनाएं।

इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि महाशिवरात्रि हमारी संस्कृति को और मजबूत बनाती है।उन्‍होंने प्रेम व सद्भाव के साथ महाशिवरात्रि मनाने की अपील की तथा आशा व्यक्त की कि यह पर्व समस्त प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.