विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LPU हिंसा के बाद बिहार के छात्रों की सुरक्षा को लेकर CM की पहल, अशोक मित्तल से की बात; 10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित

Published: Mon, 28 Sep 2026 09:36 PM (IST)

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हिंसक प्रदर्शन के बाद बिहार के छात्रों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ...और पढ़ें

LPU Protest: छात्रा से दुष्कर्म के दावे पर हिंसक प्रदर्शन। फोटो जागरण

LPU Protest: छात्रा से दुष्कर्म के दावे पर हिंसक प्रदर्शन। फोटो जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने LPU में बिहार के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

  2. LPU संस्थापक अशोक मित्तल ने छात्रों की सुरक्षा का आश्वासन दिया।

  3. हिंसक प्रदर्शन के बाद LPU में 10 दिन की छुट्टी, सुरक्षा बढ़ी।

राज्य ब्यूरो, पटना। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को हुए हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद बिहार के छात्रों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बिहार के छात्रों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि अशोक मित्तल ने बिहार के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूर्ण सहयोग और जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया है।

LPU में प्रदर्शन के बाद बिगड़े हालात

LPU परिसर में रविवार को छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था। यह विरोध एक छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ी अपुष्ट रिपोर्टों के बाद शुरू हुआ था।

प्रदर्शन के दौरान परिसर में तोड़फोड़ हुई और राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से को भी छात्रों ने बाधित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

घटना के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों की ओर जाते भी दिखाई दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए आगे के लिए कई निर्देश जारी किए हैं।

10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित

हिंसा के बाद LPU ने 28 सितंबर से नियमित कक्षाएं 10 दिनों के लिए स्थगित कर दी हैं। मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों को अभिभावकों से सलाह लेकर घर जाने की अनुमति दी है।

जो छात्र परिसर में रुक रहे हैं, उन्हें छात्रावास या अपने आवास में रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से किसी भी तरह की अशांति या विरोध गतिविधि में शामिल नहीं होने की अपील की है।

बिहार के छात्रों पर मुख्यमंत्री की नजर

LPU में बड़ी संख्या में अलग-अलग राज्यों के छात्र पढ़ते हैं। हिंसा के बाद बिहार के छात्रों की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से विश्वविद्यालय प्रबंधन से सीधे बात की गई है।

मुख्यमंत्री ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन से आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

फिलहाल परिसर में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और स्थिति को नियंत्रण में बताया गया है। मामले से जुड़े आरोपों की जांच जारी है।