LPG Price Hike: एलपीजी सिलेंडर कीमतों में फिर तगड़ा इजाफा, बिहार के लोगों को और महंगा पड़ेगा सिलेंडर
LPG Price Hike News एक सप्ताह के अंदर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दूसरी बार बदलाव किया गया है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को भी झटका लगा है। बिहार के लोगों को अब और अधिक महंगा गैस सिलेंडर खरीदना होगा।
पटना, जागरण टीम। LPG Price News: सरकारी तेल कंपनियों इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP Gas) ने गैस सिलेंडरों की कीमतों में एक बार फिर तगड़ी वृद्धि की है। एक सप्ताह के अंदर सिलेंडर की कीमतों में दूसरी वृद्धि का सबसे अधिक असर घरेलूू उपभोक्ताओं पर पड़ने वाला है। देश के ज्यादातर दूसरे राज्यों के मुकाबले पहले ही अधिक महंगा गैस सिलेंडर खरीद रहे बिहार के तमाम शहरों के लोगों को इसका खामियाजा भुगतना होगा। पटना (today lpg gas price Patna) के लोग मंगलवार तक 1101 रुपए में 14.2 किलो वाला घरेलू गैस सिलेंडर खरीद रहे थे। इसी सिलेंडर की कीमत में अधिक वृद्धि की गई है। सबसे अधिक इस्तेमाल भी इसी सिलेंडर का होता है।
पिछली बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में नहीं हुआ था बदलाव
मिली जानकारी के अनुसार तेल और गैस कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। ये बदलाव बुधवार से लागू कर दिए गए हैं। आपको बता दें कि सरकारी तेल और गैस कंपनियां अब पेट्रोल-डीजल के दाम हर रोज तय करते हैं, जबकि गैस सिलेंडर की कीमत में महीने में एक से दो या तीन बार तक बदलाव किया जाता है। बिहार के प्राय: सभी शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पिछले कुछ दिनों से स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि, एलपीजी की कीमतों में बढ़ाेतरी से लोगों पर असर पड़ा है। पिछले हफ्ते कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में मोटी वृद्धि हुई थी। तब घरेलू गैस सिलेंडर को छोड़ दिया गया था।
पटना में सिलेंडर की ताजा कीमत जानिए
पटना में 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 1151 रुपए देनी होगी। आपको बता दें कि एलपीजी की कीमतों में राज्य सरकारों के टैक्स का हिसाब अलग-अलग रहने से राज्यों में इसकी कीमत भी बदल जाती है। दिल्ली में इसी सिलेंडर के लिए लोगों को 1053 रुपए ही देने होंगे। तेल कंपनियों ने पांच किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमत भी बढ़ाई है। इस सिलेंडर के लिए अब प्रति सिलेंडर 18 रुपए अधिक देने होंगे। दूसरी तरफ, 19 किलो वाले कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 8.50 रुपए की राहत दी गई है।
कंपोजिट सिलेंडर की कीमत भी बढ़ी
पांच किलो वाला सिलेंडर 405.50 रुपये से बढ़कर 423.50 रुपये पर पहुंच गया है। इसकी कीमत 18 रुपये बढ़ाई गई है। 10 किलो वाला कंपोजिट सिलेंडर का मूल्य 791.00 रुपये से बढ़कर 826.50 रुपये पर पहुंच गया है। इसकी कीमत 35.50 रुपये बढ़ाई गई है। बिहार एलपीजी वितरक संघ के महासचिव डाक्टर रामनरेश सिन्हा ने कहा कि कामर्शियल सिलेंडर की कीमत में मामूली राहत दी गई है। 19 किलो वाला सिलेंडर 9.50 रुपये सस्ता होकर अब 2286.50 रुपये में मिलेगा। अब तक इसकी कीमत 2295.00 रुपये थी। इसी तरह से 47 किलो वाला सिलेंडर 21 रुपये सस्ता होकर 5710 . 00 रुपये पर आ गया है। इसकी कीमत 5731.00 रुपये थी।