मेले में लड़ गईं आंखें और हो गया प्यार, नाबालिग ने भागकर रचा ली शादी
डिजनीलैंड में एक दूसरे को देखा और प्यार हो गया, बातचीत के बाद दोनों ने शादी करने की सोची लेकिन परिजन तैयार नहीं हुए तो उन्होंने भागकर शादी कर ली।
पटना [जेएनएन]। डिज्नीलैंड का मेला देखने के दौरान एक लड़की की नजर एक लड़के से क्या मिली? आंखों ही आंखों में प्यार हो गया और फिर एक दूसरे से बात हुई, मोबाइल नंबर मांगा गया और फिर निकला बातचीत का सिलसिला। बातों-बातों में प्यार परवान चढ़ा और मुलाकातों का सिलसिला एेसा चला कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खायीं।
फिर दोनों चुपके से घर से भागे और शादी रचा ली। फिलहाल, शिकायत के बाद लड़के और लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है। लड़की 10वीं की स्टूडेंट बताई जा रही है। पुलिस के सामने लड़के और लड़की ने बताया कि शादी के लिए राजी नहीं हुए तो उन्होंने भागकर मंदिर में शादी रचा ली।
शादी के बाद घर से भागी नाबालिग समेत उसके प्रेेमी को पुलिस पकड़कर थाना ले आयी। पूछताछ में दोनों ने स्वेच्छा से मंदिर में शादी रचाए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों की फैमिली को बुलाया जा रहा है। मामला अफेयर से जुड़ा है। मैट्रिक की स्टूडेंट खुद भागकर यहां चली आई थी। इसे लेकर आरण्य देवी मंदिर रोड में काफी देर भीड़ लगी रही।
तीन साल से दोनों के बीच चला आ रहा था प्रेम-प्रसंग
बताया जा रहा कि आजमनगर गांव की रहने वाली प्रीति कुमारी (काल्पनिक नाम) और आरा टाउन थाना के कबीरगंज के रहने वाले रिंकू के बीच तीन सालों से अफेयर था। इस दौरान दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातें हुआ करती थी।
इधर, लड़की ने बताया कि तीन साल पहले आरा रमना मैदान स्थित डिजनी लैंड मेला में घूमने आई थी। उसी दौरान रिंकू से उसकी पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत में लव हो गया। इसके बाद वे लगातार एक-दूसरे मिलते रहे।
अंतरजातीय होने के चलते घर वाले थे रिश्ते के खिलाफ
रिंकू ज्वैलरी के दुकान पर कारीगर का काम करता है। लड़की रामदहीन हाइस्कूल में मैट्रिक में पढ़ती है। दोनों अंतरजातीय है। लड़की के अनुसार उसने अपनी मां को अपने लव अफेयर के बारे में बताया था। शादी करने की इच्छा भी जतायी थी। लेकिन, मां-बाप राजी नहीं थे।
फिर वो सोमवार को ही भागकर आरा चली आई थी। इसके बाद रात में स्टेशन पर रही। मंगलवार को आरण्य देवी मंदिर में शादी कर लिए। अब वह अपने प्रेमी पति के साथ रहना चाहती है।