खिला जीत का कमल, गूंजा हर-हर मोदी का नारा
एनडीए समर्थकों ने मनाई दिवाली
पटना सिटी। चुनावी थकान और प्रचंड गर्मी से अलसाए चेहरों पर गुरुवार की सुबह से ही हल्की-हल्की ताजगी दस्तक देने लगी थी। गुजरते वक्त के साथ दोपहर में एनडीए की शानदार जीत ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। सिटी की सड़कों पर मानो खुशियां थिरकने लगीं। उमंग, उत्साह, जोश और जज्बात का खूबसूरत नजारा मंडियों में भी दिखा। नीतिन कुमार रिकू, अमित कनोडिया, राजेश साह, सन्नी यादव के नेतृत्व में जीत का जश्न मनाने के लिए गुरहट्टा, खाजेकलां, चौक, मारूफगंज, चौकशिकारपुर से भाजपा कार्यकर्ताओं का एक बड़ा काफिला अशोक राजपथ पर निकला। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए सब ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरके। चारों ओर हर-हर मोदी का नारा गूंजा। एक-दूसरे को कार्यकर्ताओं ने गले लगाया। जीत की बधाई दी। मिठाइयां खाई और खिलाईं। ढोल-नगाड़ा पीटते हुए कार्यकर्ता गुरहट्टा से खाजेकला व चौक की ओर बढ़े। नरेंद्र मोदी के कटआउट के साथ फूल-माला संग कार्यकर्ताओं का उमंग देखते बन रहा था। रह-रह कर चारों ओर खूब आतिशबाजी होती रही। चौक मोड़, खाजेकलां सब्जी मंडी, मच्छरहट्टा मंडी में तो बीच सड़क पर ही हजार पटाखों की चटाई जलाई गई। जीत का जश्न मनाने का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा। चौक मंडल द्वारा जीत की खुशी में अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार चरण सिंह, सरदार महाराजा सिंह सोनू, सरदार त्रिलोक सिंह, सरोज जायसवाल, श्याम सुंदर शर्मा, अशोक सिंह, रूपेश कुमार, धनंजय त्रिपाठी, अजय साह, ललन गुप्ता, अशोक सिन्हा, राजाराम शर्मा, नित्यानंद चंद्रवंशी, मीना विश्वकर्मा, रजनीश कुमार, संजय चंद्रवंशी समेत अन्य दर्जनों कार्यकर्ता अबीर-गुलाल लगाते तथा आतिशबाजी करते दिखे।
- - - - - - 5 -