बिहार: मगध एक्सप्रेस में लुटेरों का तांडव, महिला यात्री को गोली मारी
बिहार से गुजर रही मगध एक्सप्रेस में बीती रात लुटेरों ने जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर उन्होंने एक महिला यात्री को गोली मार दी।
नालंदा [जेएनएन]। देर रात दो दर्जन अपराधियों ने चलती ट्रेन में जमकर लूटपाट की। इस दौरान एक महिला यात्री को गोली मार दी। फिर ट्रेन रोक कर आरोम से फरार हो गए। घटना इस्लामपुर से दिल्ली जाने वाली मगध एक्सप्रेस में बीती रात हुई। घटना के दौरान ट्रेन का सुरक्षा दस्ता नदारद रहा।
जानकारी के अनुसार इस्लामपुर से दिल्ली जाने के क्रम में करायपरशुराय थाना स्थित चंद्रकुरा हाल्ट के पास वैक्यूम कर दो दर्जन सशस्त्र अपराधी ट्रेन पर चढ़े और पिस्तौल लहराकर एस-7 बोगी में लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला यात्री मीरा देवी को गोली मारकर घायल कर दिया। ट्रेन में सफर कर रहे एकंगरसराय थाना के कोशिका गांव निवासी सिद्धेश्वर राजा के पुत्र रिंकू रजक, जोगीपुर हाईस्कूल के शिक्षक राजश्वर सिंह आदि ने बताया कि जब तक पुलिस पहुंची, लुटेरे फरार हो चुके थे।
करायपरशुराय थानाध्यक्ष राजेश मालाकार ने इसे छिनतई की घटना बताया है। हैरत की बात तो यह है कि पुलिस ने लूट व महिला को गोली मारने की बात से इन्कार कर दिया है।