Move to Jagran APP

HIGHLIGHTS RJD Sthapna Diwas 2021: लालू ने विरोधियों को कहा- मूस मोटइहें तो लोढ़ा होइहें, बोले- जल्‍दी आएंगे बिहार

HIGHLIGHTS RJD Sthapna Diwas News Update आरजेडी के 25वें स्‍थापना दिवस समारोह में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर खबर ली। विरोधियों पर जमकर तंज कसे तथा कार्यकर्ताओं से जल्‍द ही बिहार आने का वादा किया।

By Amit AlokEdited By: Published: Mon, 05 Jul 2021 07:59 AM (IST)Updated: Mon, 05 Jul 2021 03:31 PM (IST)
HIGHLIGHTS RJD Sthapna Diwas 2021: लालू ने विरोधियों को कहा- मूस मोटइहें तो लोढ़ा होइहें, बोले- जल्‍दी आएंगे बिहार
स्‍थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव। तस्‍वीर: आरजेडी के सौजन्‍य से।

पटना, जागरण टीम। HIGHLIGHTS RJD Sthapna Diwas News Update राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) आज पटना स्थित पार्टी कार्यालय में अपना 25वां स्थापना दिवस (RJD 25th. Foundation Day) समारोह मनाया गया। इसमें कोरोनावायरस से बचाव की गाइडलाइन का ध्‍यान रखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत भोजपुरी गीत के साथ हुई। पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने सांस्‍कृतिक सत्र के बाद औपचारिक उद्घाटन किया। फिर, उन्‍होंने रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में अपने संबोधन में लालू ने कहा कि वे अब ठीक हैं और जल्‍दी ही बिहार आएंगे। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि तेजस्‍वी के नेतृत्‍व में आरजेडी आगे बढ़ेगा। लालू व तेजस्‍वी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को जमकर घेरा। लालू ने विरोधियों को अपने अंदाज में चेताते हुए कहा- मूस मोटइहें तो लोढ़ा होइहें।

loksabha election banner

लालू यादव का मुख्‍य भाषण दोपहर 1:20 बजे निर्धारित था, लेकिन इसमें विलंब हो गया। यह चारा घोटाला (Fodder Scam) में सजायाफ्ता लालू प्रसाद का जमानत पर रिहा होने के बाद कार्यकर्ताओं से पहला सामूहिक संवाद था।

RJD Sthapna Diwas News HIGHLIGHTS:

02:43 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: हम जल्दी ही पटना आएंगे। पूरे बिहार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। मुझे खुशी है कि इतनी कम उम्र में तेजस्वी ने बिहार जैसे राज्य में पार्टी की नैया को पार लगाया। इतनी सीटें लाने की उम्मीद हमको पहले नहीं थी, लेकिन पार्टी के हर नेता ने स्वीकारा और सहयोग किया। तेज प्रताप के भाषण में भी दम है।

02:42 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: राबड़ी और तेजस्वी नहीं होते तो हम रांची में ही खत्म हो जाते। दोनों प्लेन से दिल्ली ले गए। यहां डॉ. राकेश यादव ने काफी इलाज किया। अब बहुत ठीक हैं। जल्‍दी ही पूरा ठीक हो जाएंगे। सिर्फ पानी से परहेज है।

02:40 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: हमने काम की गारंटी हमने दी। आरजेडी ने जब 10 लाख नौकरी देने का वादा किया तो कई ने कहा कि हम 19 लाख देंगे। उन्हें लगा कि कैसे लोगों को भरमाएं। अब दो नौकरी। सत्ता तुम्हारे हाथ में है।

02:38 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: एक ही दल है जिससे लोग समस्याओं का निजात पाएंगे। बिहार में ऐसी कोई जगह नहीं जहां रोज खून नहीं होता है। विरोधियों को चेताते हुए कहा कि हमलोग बोलते थे देहात में कि मूस मोटइहें तो लोढ़ा होइहें।

02:35 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: सैकड़ों साल से एक तवे पर एकतरफा रोटी जल रही थी। हमने पलट दिया। इससे लोगों ने कहा कि जंगलराज आ गया। लाखों लोग बकरी-भैंस भेड़ चराने वाले पेट की मार से चरवाही करते हैं। मैंने कहा कि चरवाही चलते रहेगी और पढ़ाई भी चलेगी। चरवाहा विद्यालय खोला। इसका मजा‍क बनाया।

02:34 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: देश पीछे जा रहा है। सामाजिक तानाबाना खंडित किया जा रहा है। नारा लगाया जा रहा है कि अयोध्या के बाद मथुरा। इसका क्या मतलब है? वे सत्ता के लिए लोगों को तबाह करना चाहते हैं, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। टूट जाएंगे पर पीछे नहीं हटेंगे।

02:30 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: देश के ऊपर बड़ा आर्थिक संकट है। कोरोना के चलते देश हजारो साल पीछे चला गया। सबके मुंह में जाम लगाकर घरों में बंद हैं। तीसरा फेज आने वाला है। उससे लोग डर रहे हैं। जितनी मौत हुई है कोरोना से, उसकी गिनती नहीं की जा सकती है। बिहार में भी इलाज के अभाव में बहुत लोग मरे हैं। पटना में कोई आदमी नहीं जा रहा था। गांव में तो जो लोग मरे थे वे तो मरे हीं, शहरों में भी बहुत लोग मरे। अस्पतालों में प्रबंधन नहीं था।

02:26 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: आरजेडी का भविष्य उज्जवल है। हम आगे देश का भी नेतृत्व करेंगे। वर्तमान सरकार देश के लिए अच्छी नहीं है। इतनी गरीबी। इतनी महंगाई। हमारी सरकार में अगर इस तरह दाम बढ़ता तो लोग जीना मुहाल कर देते। हमारी सरकार में महंगाई बढ़ने लगी तो साइकिल पर आफिस जाना शुरू कर दिया। महंगाई का  असर गरीबों पर पड़ता है।

02:24 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए कहा कि उनकी अंतिम यात्रा में हमलोगों ने नारा लगाया था कि 'ठाकुर तेरे अरमानों को दिल्ली तक पहुंचाएंगे।' हम कामयाब हुए। समाज में बराबरी दिख रही है। आरजेडी का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। मैंने पांच-पांच प्रधानमंत्री को देखा। उन्हें बनाने में सहयोग किया। नीतीश कुमार बहुत व्याकुल थे। मैंने कहकर उन्हें केंद्र में मंत्री बनवा दिया था।

02:23 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: पहले समाज में वंचित लोगों को बूथों तक नहीं जाने दिया जाता था। पहली बार हमारी सरकार में उन्हें मौका मिला। जनता दल को पहले चक्का मिला था। नारा लगाते थे कि 'जिसके पास चक्का बा, उसकी जीत पक्का बा।'

02:18 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: हमारी अनुपस्थिति में चुनाव हुआ। हम तड़पते रह गए। हमें मलाल है। तेजस्वी से बात होती रहती थी। उसने कहा कि पापा चिंता मत कीजिए। हम लोगों से निपट लेंगे।

02:16 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: समाजवादियों ने संघर्ष छेड़ा कि मंडल कमीशन लागू करो। उस समय की सरकार ने गाड़ी रोककर रास्ते में कुटाई कराई, फिर हम लोग दिल्ली पहुंचे। नारा बुलंद किया कि मंडल कमीशन लागू करो। इंडिया गेट से हमलोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, बाद में रिहा कर दिया गया।

02:12 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: रामकृष्‍ण हेगड़े के परामर्श से पार्टी का नाम राष्‍ट्रीय जनता दल रखा गया था। पार्टी के स्‍थापना काल से लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

02:08 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: किसानों का एमएसपी तय नहीं है, लेकिन डीएम का कमीशन तय है- 12 फीसद। बिहार में सनी लियोनी को पास कर दिया गया। हर चीज में बेईमानी। यहां बिना आरसीपी टैक्स के कोई काम नहीं होता है।

02:00 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: आने वाले समय में तय करेंगे कि लोगों को रोजगार देंगे। उनके लिए सदन से सड़क तक संघर्ष करेंगे। लालू ने सामाजिक न्याय किया, हम आर्थिक न्याय करेंगे।

01:58 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: आरजेडी एमवाई की पार्टी नहीं, बल्कि एटूजेड की पार्टी है। विरोधियों की चाल है कि आरजेडी को एमवाई तक सीमित कर दो। चुनाव में हमने कहा था कि 10 लाख नौकरी देंगे तो सवाल उठाया गया कि कहां से दोगे, लेकिन उन्हीं के सहयोगी दल बीजेपी ने 19 लाख लोगों को नौकरी देने का वादा किया तो नहीं पूछा गया। आज डाक्टरों और नर्सों की बहाली कर दी जाती तो कोरोना में ऐसी दुर्गति होती क्या? आज हर जगह पद खाली हैं, लेकिन नौकरी नहीं मिल रही है। लोग नौकरी मांगने आ रहे हैं तो उन्हें लाठी मारकर भगाया जा रहा है।

01:53 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: बीजेपी पर तंज कसा कि विश्‍व की सबसे पार्टी के पास एक भी मुख्‍यमंत्री चेहरा नहीं था। आरजेडी 'एम-वाई' की पार्टी नहीं ए-टू-जेड' की पार्टी है। हमें सभी वर्गों व संप्रदायों के लोगों ने वोट दिया है। सभी को मान-सम्मान देकर साथ लेकर चलना है।

01:45 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार संगठित घोटालों के भीष्‍म पितामह हैं। नीतीश कुमार को जनता ने मिट्टी में मिला दिया था। यह तो लालू जी ने उन्‍हें नया जीवन दिया था।

01:44 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: पहले जब दंगा-फसाद होता था, तब एसपी के पहले मुख्‍यमंत्री पहुंच जाते थे, ताकि सद्भाव बना रहे। आज मुख्‍यमंत्री अपनी सुरक्षा में बंगले की चारदीवारी ऊंची करते हैं।

01:44 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: कहा गया था कि अच्‍छे दिन आएंगे। आज महंगाई चरम पर है। यही अच्‍छे दिन हैं? पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि कहा जाता था कि देश नहीं बिकने देंगे और आज देश काे बेचने का काम किया जा रहा है।

01:40 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: लालू ने रेलवे का विकास कर मैनेजमेंट गुरु के नाम से जाने गए। आज देखिए क्‍या हाल है।

01:40 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: आरजेडी को तोड़ने के लिए क्‍या-क्‍या कोशिश नहीं की गई। लेकिन यह लालू जी की बनाई पार्टी है। सत्‍ता जाने की बैचैनी वाले लोग जंगल राज का नारा देते रहे हैं।

01:30 बजे: कार्यक्रम में तेजस्‍वी यादव बोले: बिहार में सबसे बड़ी समस्‍या बेरोजगारी की है। सभी ने बेरोजगारी के खिलाफ लालू जी को वोट दिया। हम चाहते हैं कि वे बिहार आकर काम में लगें। वे कहीं भी रहें, बिहार को लेकर चिंतित रहते हैं।

01:20 बजे: कार्यक्रम में बोले जगदानंद सिंह: तेजस्वी की सरकार होती तो कोरोना में यह दुर्गति नहीं होती। लालू ने गरीबों के लिए नारा दिया कि पढ़ो या मरो। लालुबक इतिहास 25 साल का नही है। राजद के पहले से भी लालू का वजूद था। राजद की स्थापना से पहले भी लालू सत्ता में थे। उन छह वर्षों को भी समझना पड़ेगा। न हम शुरू हैं ना अंत। लालू के विचार हमेशा जिंदा रहेगा।।

01:10 बजे: कार्यक्रम में बोले जगदानंद सिंह: आरजेडी ने 25 साल के इतिहास में गरीबों को सम्मान से जीने के लिए मौका दिया। नीतीश कुमार बिहार को नहीं संभाल सकते हैं।

01:00 बजे: कार्यक्रम में बोले तेज प्रताप यादव: मैं पिक्‍चर का हीरो न हो जाऊं, इसके लिए आंदोलन में मुझे पीछे खींचा। जब-जब तेजस्‍वी को घेरा जाएगा, उसका यह कृष्‍ण उसकी रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा। मैं तेजस्‍वी के लिए सबसे पहले गोली खाने को तैयार हूं।

12:30 बजे: कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद लालू प्रसाद यादव ने रामविलास पासवान को याद किया। कहा कि पासवान उनके साथ मंत्री भी रहे। आज पासवान की जयंती के अवसर पर लालू ने उनके प्रति संवेदना प्रकट की।

12:00 बजे: स्थापना दिवस के अवसर पर आरजेड़ी ने पार्टी का मुखपत्र 'राजद समाचार' जारी किया। तेजस्वी यादव ने इसका विमोचन किया। इसके माध्‍यम से पार्टी कार्यकर्ताओं तक अपनी बातों को पहुंचाएगी। इस अवसर पर पार्टी ने एक वीडियो जारी पिछले 25 सालों के अपने संघर्ष को भी दिखाया है।

11:30 बजे: भोजपुरी गायक भरत शर्मा ने गीत गाने के दौरान तेजस्‍वी को आरजेडी का अध्‍यक्ष कह दिया। यह पंक्ति गायक ने दो बार गाया। अब इसे जुबान फिसलना बताया जा रहा है।

11:10 बजे: लालू ने दिल्‍ली में अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के आवास से कार्यक्रम का उद्घाटन मोमबत्‍ती से दीप प्रज्ज्वलित करते हुए किया। उनके साथ बड़ी बेटी के अलावा पत्‍नी राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं। पटना में राजद कार्यकर्ताओं ने इसका पूरा प्रसारण पार्टी दफ्तर में देखा। राजद के इंटरनेट मीडिया अकाउंट से भी इसका लाइव प्रसारण किया गया।

11:05 बजे: सांस्‍कृतिक कार्यक्रम का सत्र समाप्‍त होते ही मंच पर सभी बड़े नेताओं को बुलाया गया। तेजस्‍वी यादव, शिवानंद तिवारी, उदय नारायण चौधरी, डॉ. मनोज झा आदि नेता मंच पर पहुंचे। इसके बाद राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष लालू यादव ने दिल्‍ली से कार्यक्रम में जुड़ते हुए औपचारिक उद्घाटन किया।

10:30 बजे: स्‍थापना दिवस समारोह कार्यक्रम की शुरुआत सांस्‍कृतिक कार्यक्रम के साथ हुई है। भोजपुरी निर्गुन गीत के साथ कलाकार पार्टी के प्रदेश कार्यालय में स्थित मंच पर अपना कार्यक्रम प्रस्‍तुत कर रहे हैं। भोजपुरी के जाने-माने गायक भरत शर्मा भी मंच पर मौजूद हैं।

10:00 बजे: अब सांस्‍कृतिक कार्यक्रम के साथ आरजेडी का स्‍थापना दिवस समारो‍ह आरंभ हो जाएगा। पूर्वाह्न 10:50 बजे रामविलास पासवान को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद 11 बजे पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि तेजस्‍वी यादव के 12:45 बजे संबोधन के बाद पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का संबोधन अपराह्न 01:20 बजे आरंभ होगा।

9:30 बजे: स्‍थापना दिवस कार्यक्रम के पहले ए‍क निजी चैनल से लालू ने अगले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकल्‍प को लेकर भी बात की। कहा कि वह चेहरा तानाशाही, अहंकार एवं आत्म-मुग्धता से दूर होगा। नरेंद्र मोदी का विकल्प उनकी जन-विरोधी नीतियों के विरोध में प्रगतिशील एजेंडा होगा।

09:00 बजे: आरजेडी स्‍थापना दिवस समारोह के ठीक पहले पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि वे सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे। गरीबों के अधिकारों की लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ते रहेंगे। उन्‍होंने बढ़ती उम्र व बीमारी की वजह से सक्रिय राजनीति छोड़ मार्गदर्शक की भूमिका निभाने से इनकार किया।

08:30 बजे: लालू प्रसाद यादव के जमानत पर रिहा होने के बाद यह आरजेडी का पहला बड़ा कार्यक्रम है। इससे लालू वर्चुअल माध्‍यम से जुडे़ंगे। बीमारी की वजह से लालू इस कार्यक्रम में पटना नहीं आ सके हैं। चारा घोटाला में जमानत पर रिहा होने के बाद लालू अपनी बेटी मीसा भारती के पास दिल्‍ली में डॉक्‍टरों की देखरेख में हैं।

08:00 बजे: आरजेडी के स्‍थापना दिवस कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव के विरोधी रहे रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। दो-फाड़ हो चुकी लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) में रामविलास पासवान की विरासत की जंग में आरजेडी चिराग पासवान के साथ है। आरजेडी चिराग को अपने खेमे में करना चाहता है।

07:00 बजे: आरजेडी के स्‍थापना दिवस कार्यक्रम के बैनर-पोस्‍टर पर लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) व राबड़ी देवी (Rabri Devi) के अलावा केवल तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) दिख रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्‍य मंच पर केवल लालू प्रसाद यादव व राबड़ी देवी की तस्‍वीरें हैं। मुख्‍य द्वार पर लालू-राबड़ी के साथ तेजस्‍वी की भी तस्‍वीर है। तेजप्रताप यादव Tej Pratap Yadav), मीसा भारती (Misa Bharti) व रोहिणी आचार्या (Rohini Acharya) की तस्‍वीरें नहीं दिख रहीं हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.