Move to Jagran APP

HIGHLIGHTS: बिहार विधानसभा भवन शताब्‍दी समारोह में बोले राष्‍ट्रपति रामनाथ काेविंद. आज इतिहास रच रहा बिहार

President Ramnath Kovind Patna Visit HIGHLIGHTS बिहार विधानसभा भवन के सौ साल पूरे होने के उपलक्ष्‍य में गुरुवार को शताब्‍दी समारोह का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बतौर मुख्‍य अति‍थि राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया। यहां पढ़ें समारोह के हाइलाइट्स।

By Amit AlokEdited By: Published: Thu, 21 Oct 2021 09:31 AM (IST)Updated: Thu, 21 Oct 2021 03:29 PM (IST)
HIGHLIGHTS: बिहार विधानसभा भवन शताब्‍दी समारोह में बोले राष्‍ट्रपति रामनाथ काेविंद. आज इतिहास रच रहा बिहार
बिहार विधानसभा भवन के शताब्‍दी समारेाह का उद्घाटन करते राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद। तस्‍वीर: जागरण।

पटना, जागरण टीम। President Patna Visit HIGHLIGHTS बिहार विधानसभा भवन के सौ साल पूरे होने पर गुरुवार को शताब्‍दी समारोह मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद थे। समारोह को संबोधित करते हुए उन्‍होंने खुद को बिहारी राष्‍ट्रपति कहे जाने पर खुशी जताई तथा कहा कि बिहार में उन्‍हें घर जैसा अहसास होता है। इस अवसर पर उन्‍होंने बिहार को लोकतंत्र की धरती बताया तथा कहा कि बिहार का छठ महापर्व अब ग्‍लोबल हो गया है। इसके पहले समारोह में शामिल होने के लिए राष्‍ट्रपति बुधवार को पटना पहुंचे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह बिहार का उनका दूसरा दौरा है। शुक्रवार की सुबह 11:05 बजे दिल्ली वापसी तक वे करीब 46 घंटे तक पटना में रहेंगे।

loksabha election banner

Bihar Vidhan Shabha Centenary Celebrations HIGHLIGHTS

12:14 PM- राष्‍ट्रपति बोले- बिहार का छठ पर्व अब पूरे देश में मनाया जा रहा है। छठ पर्व अब ग्‍लोबल हो गय है। आज दुनियाभर के लोग छठ पर्व मना रहे हैं। आगामी त्‍योहरों के लिए बधाई देता हूं।

12:10 PM- राष्‍ट्रपति बोले- बिहार विधानसभा ने शराबबंदी लागू किया। इस अधिनियम को कानून का दर्जा देने का गौरव मुझे भी मिला।

12:07 PM- राष्‍ट्रपति बोले- यह संयोग नहीं था कि संविधान सभा के अंतरिम अध्‍यक्ष डा. सच्चिदानंद सिन्‍हा और स्‍थाई अध्‍यक्ष डा. राजेंद्र प्रसाद बिहार के थे। बिहार से ही जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र को दिशा दी। बिहार की धरती ने समतामूलक समाज की परंपरा स्‍थापित की है। बिहार में नीतीश कुमार ने सबसे लंबे समय तक मुख्‍यमंत्री रहने का कीर्तिमान स्‍थापित किया है।

12:02 PM- राष्‍ट्रपति बोले- बिहार लोकतंत्र की धरती है। यहां वैशाली में लोकतंत्र फला-फूला। इस धरती पर नालंदा, विक्रमशिला जैसे शिक्षण संस्‍थान थे तो यहां आर्यभट्ट व चाणक्‍य भी हुए। इस परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्‍मेदारी अब बिहार के लोगों की है।

11:50 AM- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संबोधन में कहा- बिहार आता हूं तो अच्‍छा लगता है। बिहार से अलग नाता लगता है। लगता है कि घर आया हूं। बिहार ने हमेशा इतिहास रचा है। आज भी इतिहास रचा गया है। आज देश ने भी इतिहास रचा है। आज देश ने सौ करोड़ कोरोना वैक्‍सीनेशन पूरा किया है।

11:46 AM- राज्‍यपाल ने शताब्‍दी समारोह में राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद की उपस्थिति पर हर्ष व्‍य‍क्‍त किया। उन्‍होंने बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग होने के बाद के बिहार विधानसभा के इतिहास पर प्रकाश डाला। राज्‍यपाल फागू चौहान ने कहा कि बिहार विधानसभा भवन बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग होने से पहले बिहार-ओडिशा विधान परिषद भवन था। विधानसभा ने इतिहास के कई दौर देखे हैं। लॉर्ड सत्‍येंद्र प्रसन्‍न सिन्‍हा ने गवर्नर के रूप में यहां पहला संबोधन किया था।

11:45 AM- बिहार के राज्‍यपाल फागू चौहान ने संबोधन में राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद का अभिनंदन किया।

11:40 AM- सीएम नीतीश कुमार ने सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे बुद्ध स्‍मृति पार्क के विपशना केंद्र में जाएं। इच्‍छुक अधिकारियों और कर्मियों को इसके लिए 15 दिन की छुट्टी प्रदान की जाएगी।

11:35 AM- सीएम नीतीश कुमार ने इतिहास के पन्‍नों को उलटते हुए कहा कि 1952 की पहली विधानसभा में 331 सदस्‍य थे। स्‍मारिका में आजादी की लड़ाई से लेकर अब तक विधानसभा की सारी जानकारी नई पीढ़ी के लिए उपलब्‍ध है। शताब्‍दी वर्ष पर बोधि वृक्ष भी लगाया गया। उन्‍होंने बुद्ध स्‍मृति पार्क में लगे वृक्ष के बारे में भी जानकारी दी। तीन जुलाई 2018 से बुद्ध स्‍मृति पार्क में विपशना केंद्र का संचालन किया जा रहा है।

11:28 AM- मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद करीब दो साल तक बिहार के राज्‍यपाल रहे। इसके बाद वे राष्‍ट्रपति हुए। इसलिए हमलोग आज भी उन्‍हें बिहारी ही मानते हैं। इनसे पहले बिहार के राज्‍यपाल रहे डा. जाकिर हुसैन भी राष्‍ट्रपति बने थे। लेकिन यहां से जाने के बाद पहले वे उपराष्‍ट्रपति बने, उसके बाद राष्‍ट्रपति हुए।

11:26 AM- समारोह को संबांधित करते हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्‍ट्रपति का स्‍वागत किया।

11:18 AM- विधानसभा अध्‍यक्ष विजय चौधरी ने राष्‍ट्रपति का स्‍वागत किया। स्वागत भाषण में उन्‍हाेंने विधासभा भवन को सौ वर्षों की विधायी यात्रा का प्रतीक बताया। कहा कि यह कई ऐतिहासिक निर्णयों के साक्षी रहा है। हमें जाति-धर्म और लिंग भेद को भुलाकर अपनी विरासत को आगे बढ़ाना है।

11:12 AM- राज्यपाल ने किया विधानसभा द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन। राष्ट्रपति को सौंपी प्रति। स्मारिका में विधानसभा के 100 वर्षों के सफर की दास्तान है।

11:03 AM- राष्‍ट्रपति रामनाथ काेविंद बिहार विधानसभा भवन शताब्‍दी समारोह के मंच पर पहुंचे। वहां राज्‍यपाल फागू चौहान, विधानसभा अध्‍यक्ष विजय सिन्‍हा तथा मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद हैं। मंच पर दोनों डिप्टी सीएम भी हैं।

11:03 AM- राष्‍ट्रपति रामनाथ काेविंद ने बिहार विधानसभा भवन परिसर में शताब्‍दी स्‍मृति स्‍तंभ का शिलान्‍यास किया। उन्‍होंने पवित्र बोधिवृक्ष का नन्‍हा पौधा भी लगाया।

10:53 AM- राष्‍ट्रपति रामनाथ काेविंद बिहार विधानसभा भवन पहुंचे। वहां उनका स्‍वागत राज्‍यपाल फागू चौहान, विधानसभा अध्‍यक्ष विजय चौधरी व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। राष्‍ट्रपति के आगमन के साथ अब कार्यक्रम आरंभ हो जाएगा।

10:30 AM- विधानसभा परिस में अतिथियों का आना जारी है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, आरजेडी के विधान पार्षद राम चंद्र पूर्वे, श्रम मंत्री जीवेश मिश्रा, टेक्नोलॉजी मंत्री सुमित सिंह विधानसभा भवन पहुंच चुके हैं। राष्‍ट्रपति कार्यक्रम में शामिल होनें के लिए कुछ हीं देर में राजभवन से निकलने वाले हैं। वे विधानसभा भवन 10:50 बजे पहुंचेंगे। उनका इंतजार जारी है।

10:15 AM- कार्यक्रम को लेकर मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों का आना आरंभ हो चुका है। आरजेडी से रामचंद्र पूर्वे पहुंच चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव नहीं पहुंचे हैं। पूर्व मंत्री देवेंद्र यादव ने विधानसभा पहुंचने पर मीडिय से बातचीत में आज के समारोह को ऐतिहासिक बताया।

10:00 AM- राष्‍ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर आम लोगों के लिए ट्रैफिक व्‍यवस्‍था में परिवर्तन किया गया है। चप्‍पे-चप्‍पे पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। राष्‍ट्रपति सबसे पहले विधानसभा भवन में शताब्‍दी स्‍मृति स्‍तंभ का शिलान्‍यास करेंगे, फिर पवित्र बोधिवृक्ष लगाएंगे।

09: 30 AM- बिहार विधानसभा भवन का शताब्दी समारोह करीब सवा घंटे का होगा। राष्‍ट्रपति 10:50 बजे राजभवन से विधानसभा पहुंचेंगे। वे विधानसभा परिसर में शताब्दी स्मृति स्तंभ का शिलान्यास करेंगे तथा बोधि वृक्ष का पौधा भी लगाएंगे। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12 बजे होगा। राष्ट्रपति शाम 7:30 बजे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के आवास पर आयोजित रात्रि भोज में शिरकत करेंगे।

09:00 AM- राष्‍ट्रपति रामनाथ काेविंद बुधवार को अपराह्न एक बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राज्‍यपाल फागू चौहान, विधानसभा अध्‍यक्ष विजय सिन्‍हा, मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्‍यमंत्री तारकिशाेर प्रसाद व रेणु देवी तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव सहित कई मंत्रियों व नेताओं उनका स्‍वागत किया। राष्‍ट्रपति राजभवन में ठहरे हैं। वहां बीती शाम उन्‍होंने पटना हाई कोर्ट के न्यायाधीशों व उनकी पत्नियों से मुलाकात की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.