Move to Jagran APP

HIGHLIGHTS Bharat Bandh in Bihar: भारत बंद के दौरान दरभंगा में अर्धनग्‍न प्रदर्शन, आंदाेलनकारियों का जगह-जगह उत्‍पात

HIGHLIGHTS Bharat Bandh in Bihar Farmers Protest भारत बंद के दौरान बिहार में कई जगह आंदाेलनकारी उत्‍पात पर उतरे नजर आए। आवश्‍यक सेवाओं के वाहन भी रोके गए। सड़क यातायात प्रभावित रहा तो बाजार भी सुनसान रहे। पटना के महात्‍मा गांधी ब्रिज पर यातायात ठप रहा। जगह-जगह ट्रेनें रोकी गईं।

By Amit AlokEdited By: Published: Tue, 08 Dec 2020 06:38 AM (IST)Updated: Tue, 08 Dec 2020 04:46 PM (IST)
HIGHLIGHTS Bharat Bandh in Bihar: भारत बंद के दौरान दरभंगा में अर्धनग्‍न प्रदर्शन, आंदाेलनकारियों का जगह-जगह उत्‍पात
पटना में कार्यकर्ताओं संग पप्‍पू यादव, सड़क पर बंद समर्थक की पुलिस से झड़प एवं सड़क पर आंदोलनकारी। तस्‍वीरें: जागरण

पटना, जागरण टीम। Bharat Bandh in Bihar Farmers Protest HIGHLIGHTS मंगलवार को आहूत किसानों के भारत बंद (Bharat Bandh) का असर बिहार में भी दिखा। राज्‍य में इसे महागठबंधन (Mahagathbandhan) के साथ-साथ राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) और जन अधिकार पार्टी (JAP) सहित अन्‍य विपक्षी दलों (Opposition Parties) ने समर्थन दिया। बंद के दौरान कई जगह आंदोलनकारी उत्‍पात करते नजर आए। उन्‍होंने कई जगह आपात व आवश्‍यक सेवाओं (Emergency and Essential Services) को भी बाधित किया। कई जगह बाजार खुले, लेकिन सन्‍नाटा पसरा रहा। बंद के दौरान आम जनता को परेशानी का समाना करना पड़ा।

loksabha election banner

HIGHLIGHTS Bharat Bandh in Bihar Farmers Protest

03:20 बजे: बंद का टाइम ओवर, लेकिन नहीं गया हैंगओवर

किसानों का भारत बंद पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक था। इसका वक्‍त समाप्‍त हो चुका है। हालांकि, बंद का हैंग ओवर अभी कुद देर बाद ही जाएगा। उम्‍मीद है कि शाम तक जन-जीवन समान्‍य हो जाएगा।

03:00 बजे: पटना में खुले बाजार, मगर ग्राहक नदारद

भारत बंद के दौरान पटना में कई बाजार खुले हुए हैं, लेकिन वहां ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। भारत बंद को देखते हुए लोग बाजार के लिए नहीं निकल रहे हैं। खेतान मार्केट दुकानदार संघ के महासचिव रंजीत सिंह ने बताया कि अन्‍य दिनों की तुलना में 10 फीसद ग्राहक नहीं हैं।

02:50 बजे: किसानों के भारत बंद से दूर दिखे किसान

पटना में बंद से दूर रहे किसान। दानापुर में आम दिनों की तरह ही खेतों में काम करते दिखे किसान। बंद में मुख्‍यत: सक्रिय दिखा विपक्ष। ऐसा राज्‍य के अन्‍य स्‍थानों पर भी दिखा।

02:36 बजे: बिहार के कृषि मंत्री बोले: बंद विपक्ष का, किसानों का नहीं

कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रातप सिंह ने कहा कि यह किसानों का या उनके लिए आंदोलन नहीं है। यह केवल विपक्ष का बंद है। उन्‍होंने कृषि कानूनों को किसानों के हित में बताया।

02:20 बजे: बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष का कांग्रेस पर कविता वार

बिहार बीजेपी के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बंद को लेकर विपक्ष पर कविता के माध्‍यम से वार किया है। उन्‍हाेंने लिखा है-

हे कांग्रेस तेरे खेल निराले, पिस रहे हैं भोले-भाले।

थोड़ी तो खुद पर शर्म करो, देश पर थोड़ा रहम करो।

कांग्रेस को घेरते हुए उन्‍होंने आगे लिखा-

क्या पाओगे झूठ बोलकर? सच्चाई का गला घोंटकर

गांधीजी को याद करो...ना देश को यूं बर्बाद करो

02:10 बजे: पटना के मीठापुर बस स्‍टैंड पर सन्‍नाटा

बंद समर्थकों ने जगह-जगह उत्‍पात किया। उन्‍होंने जरूरी काम से निकले आम लोगों को भी परेशान किया। बंद के कारण आज पटना के मीठापुर बस स्‍टैंड पर सन्‍नाटा पसरा दिखा।

01:52 बजे: नालंदा में सुधा दूध की गाड़ी रोकी

नालंदा जिले के हरनौत बाजार में एनएच 20 पर धरना देकर भारत बंद के समर्थन में आरजेडी व माले के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया। नालंदा जिले के हिलसा बाजार में आवश्‍यक सेवा सुधा दूध की गाड़ी को भी बंद समर्थकों ने रोका।

01: 45 बजे: शेखपुरा में पीएम मोदी का पुतला फूंका

भारत बंद के दौरान बंद समर्थकों ने शेखपुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी के नेतृत्व में पुतला दहन पटेल चौक पर किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राहुल कुमार सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

01:35 बजे: एंबुलेंस को भी रोक रहे बंद समर्थक

भारत बंद के दौरान आवश्‍यक व आपात सेवाओं को नहीं रोकने की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। गया में मरीज को लेकर जा रहे आर्मी एंबुलेंस को काफी मशक्कत के बाद एसएसबी के जवानों ने जाम से निकाला।

01:20 बजे: मुजफ्फरापुर में बंद समर्थकों की गुंडागर्दी, दूल्‍हे से बदतमीजी

मुजफ्फरापुर के काजी मोहम्‍ममदपुर में बंद समर्थकों ने की गुंडागर्दी। शादी करने जा रहे दूल्‍हे को पीटा। गाड़ी में की तोड़फोड़। बंद समर्थकों ने आम लोगों को भी परेशान किया। जबरन बंद के दौरान कई जगह मारपीट भी की गई।

01:05 बजे: सहरसा, अररिया व कटिहार में आंदोलन जारी

सहरसा के बैजनाथपुर चौक स्थित बीपी मंडल गोलंबर के पास आरजेडी कार्यकर्ताओं व अन्य विपक्षी दलों ने सड़क जाम किया। सहरसा में सहरसा-सुपौल पैसेंजर ट्रेन को नंदनाली हाल्ट पर रोक दिया गया। अररिया के पलासी चौक पर बंद समर्थकों ने सड़क जाम व टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। बांका में धोरैया के आरजेडी विधायक भूदेव चौधरी भी आंदोलन के दौरान सड़कों पर निकले। कटिहार में भी बंद समर्थक सड़क जाम व बाजार बंद कराते दिखे।

12:50 बजे: शिवहर में बैलगाड़ी पर निकले आरजेडी विधायक चेतन आनंद

बंद के दौरान शिवहर में आरजेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। इस दौरान आरजेडी विधायक चेतन आनंद बैलगाड़ी पर सवार होकर निकले। चेतन आनंद पहली बार विधायक बने हैं। वे पूर्व सांसद आनंद मोहन एवं लवली आनंद के बेटे हैं।

12:40 बजे: दरभंगा में अधर्नग्‍न प्रदर्शन

कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्षी महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने दरभंगा में अर्धनग्‍न होकर प्रदर्शन किया। उन्‍होंने ठंड के मौसम में शर्ट-कुर्ता व बनियान उतारकर प्रदर्शन किया।

12:30 बजे: बंद के दौरान भैंसा गाड़ी पर चढ़े नेताजी, गुलाब भी बांटे

गया में भारत बंद के दौरान जन अधिकार पार्टी के नेता राजीव कुमार कन्हैया भैंसा गाड़ी पर चढ़े नजर आए। भैंसा गाड़ी पर चढ़कर वे कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार को कोस रहे थे। उधर, आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत लागों के बीच गुलाब के फूल बांटकर भारत बंद में गांधीगिरी करते दिखे।

12:10 बजे: बंद के दौरान बंद पड़ीं पटना की कई मंडियां

विभिन्‍न व्‍यावसायिक संगठनों ने बाजार खुले रहने की बात कही थी, लेकिन पटना की कई बड़ी मंडियां व बाजार बंद दिख रहे हैं। पटना की बाकरगंज सराफा मंडी सुनसान पड़ी है।

11: 55 बजे: जमुई व आरा में बंद समर्थकों का उत्‍पात

जमुई के चकाई में बंद के दौरान जाम में फंसे यात्रियों और आरजेडी समर्थकों में भिड़ंत हो गई। हल्की हाथापाई के दौरान पूर्व विधायक सावित्री देवी ने हस्‍तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। बंद समर्थकों का आरा में भी उत्‍पात, यात्रियों के वाहनों के सीसे तोड़ डाले।

11:45 बजे: जगह-जगह बंद का असर गहराया

भारत बंद के समर्थन में भभुआ नगर के एकता चौक पर विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। छपरा के नगरपालिका चौक पर आरजेडी के मढ़ौरा विधायक  जितेंद्र कुमार राय के नेतृत्‍व में बंद समर्थकों ने बंद कराया। भागलपुर में महागठबंधन के नेता व कार्यकर्ता जुलूस निकालकर दुकानों को बंद कराते दिखे। मोतिहारी के तेतरिया में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम किया। उधर, गया शहर में भी कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद से जनता परेशान दिखी। किशनगंज व जमुई में भी बंद समर्थकों ने जगह-जगह बाजार बंद कराए तथा यातायात रोका।

11:35 बजे: पटना के डाकबंगला चौराहा पर उत्‍पात

पटना के अशोक राजपथ पर आरजेडी नेताओं ने भारत बंद के समर्थन में बेली रोड मोड़ से जुलूस निकाला। उधर, पटना के डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारी उत्‍पात पर उतर आए हैं। डाक बंगला चौराहा पटना का हृदय माना जाता है। वहां आंदोलनकारी उत्‍पात पर उतर आए हैं। जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता वाहनों को जगबरन रोक रहे हैं। वाम दलों के कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। वहां आरजेडी व कांग्रेस सहित अन्‍य दलों के कार्यकर्ता भी हैं।

11:20 बजे: हाजीपुर में महात्‍मा गांधी सेतु जाम, उत्‍तर बिहार से कटी राजधानी

बंद के दौरान हाजीपुर सहित वैशाली जिले के कई भागों में आवागमन ठप हो गया है। आरेजडी, कांग्रेस, वाम दल और किसान संगठनों ने हाजीपुर में उत्‍तर व दक्षिण बिहार की लाइफलाइन महात्मा गांधी सेतु को जाम कर दिया है। गांधी सेतु के पास और राघोपुर पीपा पुल को भी बंद कर दिया गया है। बाजार भी बंद हैं।

11: 10 बजे: डाक विभाग पर बंद का असर नहीं

पटना में डाक विभाग पर भारत बंद का नहीं देखा जा रहा है। चीफ पोस्ट मास्टर रासबिहारी राम ने कहा कि पटना जीपीओ में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हो रहा है। कर्मचारियों की उपस्थिति भी अन्य दिनों की तरह ही है। सभी डाकिया डाक लेकर निकल गये हैं।

10:50 बजे: पटना में खुले हैं कई बैंक, काम पर असर नहीं

पटना में बैंकों के काम पर भारत बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है। आज बैंक समय से बैंक खुले। सामान्य दिनों की तरह ही काम चल रहा है। भारतीय स्टेट बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अजीत मिश्रा ने बताया कि सभी शाखाएं खुलीं हैं। बिहार प्रोविंसियल बैंक इम्पलाईज एसोसिएशन के उप महासचिव संजय तिवारी ने भी कहा कि सभी बैंक खुले हुए हैं। वाणिज्यिक, निजी और को-ऑपरेटिव बैंकों में काम हो रहे हैं। हालांकि, आज ग्राहकों की उपस्थिति पांच से दस फीसद कम है।

10:35 बजे: आरजेडी प्रदेश कार्यालय के सामने प्रदर्शन

पटना में आरजेडी के नेता-कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय के सामने धरना पर बैठ गए हैं। वे राज्‍य व केंंद्र सरकारों के खिलाफ नारजेबजी कर रहे हैं।

10:25 बजे: जगह-जगह गहराता दिख रहा आंदोलन

बांका में महागठबंधन के कार्यकर्ता बाजार बंद करा रहे हैं। सड़कों को भी जाम कर दिया गया है। इससे यात्री परेशान हैं। मधुबनी के स्टेशन चौक पर आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया है। मधुबनी के बेनीपट्टी बाजार के डॉ. अम्बेडकर चौक पर बाम दालों ने सड़क जाम कर दिया है। औरंगाबाद में भी बंद समर्थकाें का आंदोलन जारी है।

10:12 बजे: पटना में सड़क पर उतरे पप्‍पू यादव

बंद के दौरान पटना में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता सड़कोंं पर उतर गए हैं। भारत बंद के दौरान पप्पू यादव भी कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ सड़क पर उतर गए हैं।

09:57 बजे: भोजपुर में आरा-पटना और आरा-मोहनिया हाईवे जाम

भारत बंद को लेकर भोजपुर जिले में वामपंथी संगठनों से जुड़े नेता व कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए हैं। उन्‍होंने आरा में आरा-पटना राजमार्ग व जगदीशपुर के इसाढ़ी के समीप आरा-मोहनिया एनएच-30 को जाम कर दिया है। सड़क जाम के साथ हंगामा भी हो रहा है।

09:45 बजे: नालंदा में बंद समर्थकों ने रोकी ट्रेन

आरजेडी कार्यकर्ताओं व बंद समर्थकों ने पावापुरी रेलवे स्टेशन पर राजगीर से नई दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस को रोक दिया है। इससे यात्री परेशान हैं।

09:40 बजे: खगडि़या व किशनगंज में सड़क जाम

बंद समर्थक खगडि़या में जमकर आगजनी कर रहे हैं।  उन्‍होंने बलुआही बस स्टैंड के पास एनएच 31 को जाम कर दिया है। वहां जन अधिकार पार्टी के नेता व कार्यकर्ता सड़क पर टायर जला कर आगजनी कर रहे हैं।  उधर, किशनगंज के बहादुरगंज में भी आरजेडी ने सड़क जाम कर दिया है।

09: 26 बजे: समस्तीपुर में सड़क जाम कर नारेबाती कर रहे बंद समर्थक

समस्तीपुर में भारत बंद का असर दिखने लगा है। बंद समर्थकों ने समस्तीपुर-ताजपुर मुख्य सड़क को सुबह से ही जाम कर दिया है। वे सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं हैं। यात्री परेशान हैं।

09:13 बजे: खगड़िया में भी सड़कों पर उतरे बंद समर्थक

बंद समर्थक खगड़िया में भी सड़कों पर उतर चुके हैं।  उन्‍होंने खगड़िया के राजेंद्र चौक पर टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया है। बंद को लेकर पूर्णिया, मुंगेर, बेगूसराय व समस्‍तीपुर में भी विपक्षी दलों के कार्यकर्ता व समर्थक सड़कों पर आ चुके हैं।

08:58 बजे: बिहार में गहराने लगा बंद का असर

बिहार में अब बंद का असर गहराता दिख रहा है। जगह-जगह बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। मधेपुरा के कर्पूरी चौक पर महागठबंधन के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। सहरसा, व सुपौल में भी बंद समर्थक सड़कों पर निकलने लगे हैं।

08:43 बजे: औरंगाबाद में सड़क पर उतरा आरजेडी

औरंगाबाद शहर के रमेश चौक पर भारत बंद को सफल बनाने के लिए आरजेडी के नेता व कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। उधर, बंद के दौरान कानून-व्‍यवस्‍था कायम ररखने के लिए प्रशासन व पुलिस अलर्ट है। सुरक्षा में अंचलाधिकारी व एसडीपोओ के साथ पुलिस के जवान तैनात हैं।

08:30 बजे: बंद समर्थकों ने किया एनएच 28 जाम

भारत बंद को लेकर सड़क पर उतरे महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने सुबह-सुबह एनएच 28 को जाम कर दिया है। बंद समर्थक समस्तीपुर में समस्‍तीपुर-रोसड़ा मार्ग को भी जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं।

08:15 बजे: अभी भी कई जगह बंद पर ठंड का असर

बंद कहीं जोर पकड़ रहा है तो कहीं अभी भी इसपर ठंड का असर है। औरंगाबाद के कर्मा रोड पर इक्का-दुक्का वाहन दिख रहे हैं। अभी किसी भी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता बंद को लेकर सड़क पर नहीं उतरे हैं।

08:00 बजे: बंद से अलग हैं कई व्‍यापारिेक संगठन, खुले रहेंगे कई बाजार

भारत बंद को कई दुकानदार संघों और मंडीदारों ने समर्थन नहीं भी दिया है। चांदनी चौक चांदनी चौक दुकानदार संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, खेतान मार्केट खेतान मार्केट दुकानदार संघ के महासचिव रंजीत सिंह, हथुआ मार्केट व्यवसायी समिति के अध्यक्ष मुकेश जैन, न्यू मार्केट दुकानदार कल्याण समिति के अध्यक्ष राजकुमार और राजेश जैन आदि ने बाजार खोलने की बात कही है। पटना फ्रूट वेजिटेबल एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिकांत प्रसाद ने कहा है कि थोक फल मंडी खुली रहेगी। जिंस एवं खाद्य तेल मंडी मारूफगंज, महराजगंज व सराफा मंडी भी खुली रहेंगी। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स और ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिशन भी बंद में शामिल नहीं हो रहे हैं। 

07:45 बजे: बंद के दौरान सड़क जाम में दुल्‍हन संग फंस गए दूल्‍हे

सूर्योदय से पहले ही किसानों ने एसएच टू व एनएच 139 पर आगजनी कर जाम कर दिया है। जाम में आधा दर्जन से अधिक शादी कर दुल्हन संग लौट रहे दूल्‍हे भी फंस गए हैं।

07:27 बजे: सुबह आठ बजे से सड़कों पर उतरेंगे बंद समर्थक

ठंड के कारण भले ही विलंब हो जाए, लेकिन अभी तक की योजना के अनुसार बंद समर्थक आठ बजे से सड़को पर उतरने लगेंगे। पटना के बुद्ध स्मृति पार्क से अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले पूर्वाह्न 11 बजे विरोध मार्च निकाला जाएगा।

07:15 बजे: रेल यातायात भी बाधित होने की आशंका

बंद समर्थक रेल यातायात बाधित करेंगे, इसकी आशंका है। राज्‍य में रेल रूटों को अवरुद्ध कर लंबी व कम दूरी की गाड़ियों को रोके जाने की आशंका है। इससे यात्रियों को परेशानी होगी।

07:00 बजे: सड़क यातायात पर असर पड़ने की आशंका

बंद के कारण यातायात प्रभावित होगा। एनएच बाधित होने के कारण लंबी दूरी की यात्राओं में परेशानी की आशंका है। पटना में सड़क यातायात की बात करें तो यहां 120 लोकल बसों और लंबी दूरी की दो सौ से अधिक बसों के परिचालन पर असर पड़ सकता है।

06:45 बजे: सभी विपक्षी दल अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में सक्रिय

बंद को सफल बनाने के लिए विपक्षी दल अपने-अपने खास प्रभाव क्षेत्रों में सक्रिय हैं। आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी पूरे बिहार में सक्रिय रहेगी। आरजेडी के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने जिलाध्यक्षों को पत्र जारी कर किसानों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा है। भाकपा माले के राज्‍य सचिव कुणाल ने कहा है कि आवश्‍यक सेवाएं बंद से मुक्त रखी जाएंगी।

06:30 बजे: बंद को सफल बनाने के लिए विपक्ष ने कसी कमर

केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के भारत बंद में आज राष्‍ट्रीय जनता दल, कांग्रेस व वाम दल सड़कों पर उतरेंगे। बंद को अन्‍य विपक्षी दल भी समर्थन दे रहे हैं। विपक्ष ने बंद को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.