छपरा में घर की जमीन के विवाद में लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली, एक युवक की मौत, कई अन्य घायल
सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में घर की जमीन के विवाद ने जमीन को रक्तरंजित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल से लाइसेंसी बंदूक तथा खोखा सहित दो जिंदा कारतूस बरामद किया। एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ।
बनियापुर (सारण), संवाद सूत्र। बनियापुर थाना क्षेत्र के कन्हौली मनोहर मिस्कारी टोला गांव में भूमि विवाद ने बुधवार को खूनी रूप अख्तियार कर लिया। दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद हुई गोलीबारी में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गोली लगने से घायल एक युवक की मौत इलाज के दौरान छपरा सदर अस्पताल में हो गई। अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक, दो गोलियां और खोखा बरामद किया है। मामले में एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वर्षों से चल रहा घर की जमीन का विवाद
जानकारी के मुताबिक गांव में दो पक्षों के बीच पिछले कई वर्षों से घर की जमीन का विवाद चल रहा था। उसकी कई बार पंचायती भी हो चुकी थी। पंचायती से मामला सुलह नहीं हो सका था। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच बुधवार को पुनः विवाद शुरू हो गया। एक पक्ष के लोग ईंट-पत्थर चलाने लगे तो दूसरे पक्ष ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली। उसने फायरिंग कर दी। गोली आधा दर्जन लोगों को लगी।
इलाज के दौरान एक युवक की मौत
घायलों में नबीब मियां के पुत्र 26 वर्षीय याक़ूब मियां की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल छपरा में हो गई। वहीं फरजन मिया के 30 वर्षीय पुत्र नूर आलम के अलावां अब्दुल मजिद, आफ़ताब आलम, जाहिदा खातून, संजीदा खातून का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। नूर आलम की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित नजबुद्दीन मियां, ताजिर मियां, राजू मियां, अशरफ मियां, आसिफ अली, जुनैद सहित एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। बनियापुर थानेदार अमितेश कुमार ने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। गांव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।