भट्टाचार्या मोड़ पर पुलिस से भिड़े जाप समर्थक, लाठीचार्ज
पटना के भंट्टाचार्या मोड़ पर जाप कार्यकर्ताओं और पुलिस में भिड़ंत।
पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) ने रविवार को जनक्रांति मार्च निकाला। इस दौरान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और उनके समर्थकों की भट्टाचार्या रोड पर पुलिस से भिड़ंत हो गई। जाप कार्यकर्ताओं ने एक्जीबिशन रोड चौराहे पर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे आग-बबूला हो गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी लाठियां बरसाई। पथराव में गांधी मैदान थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह समेत दो जवान घायल हो गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पप्पू यादव, प्रेमचंद सिंह समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए एक हजार अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पप्पू यादव के नेतृत्व में जल जमाव से अत्याधिक प्रभावित रहे राजेंद्र नगर इलाके में स्थित शाखा मैदान से मार्च की शुरुआत हुई। इससे पहले पप्पू यादव ने सभा को संबोधित किया।
इसके बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के लिए चल पड़े। मुख्य मार्ग पर मार्च की भनक लगते ही पुलिस ने भट्टाचार्या रोड पर बैरिकेडिंग कर दी। तीन थानों की पुलिस को तैनात कर दिया गया। पप्पू यादव के पहुंचने पर पुलिस व मजिस्ट्रेट ने उनसे मार्च निकालने के लिए प्रशासनिक अनुमति की कॉपी मांगी। इस पर उन्होंने असमर्थता जताई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें वापस जाने को कहा। कार्यकर्ता आगे बढ़ने की जिद करने लगे और बैरिकेडिंग को पार कर गए। समझाने पर वे पथराव करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पानी की बौछार की। इसके बाद भी वे नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं।
पटना नगर निगम में सौंदर्यीकरण, नमामि गंगे योजना, स्मार्ट सिटी, नाला निर्माण समेत अन्य में 23 हजार करोड़ रुपये के घोटाले की जांच समेत 23 सूत्री मांगों को लेकर मार्च निकाला गया था।