पटना के दीघा घाट पर हुआ केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मां का अंतिम संस्कार, छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मां विमला प्रसाद का अंतिम संस्कार पटना के दीघा स्थित जनार्दन घाट पर हुआ। इससे पहले बोरिंग रोड स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा निकली जिसमें बड़ी संख्या में शहर के गण्यमान्य लोग शामिल हुए।
पटना, जागरण टीम। केंद्रीय विधि व न्याय, संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री रविशंकर प्रसाद (Central Minister Ravishankar Prasad) की मां विमला प्रसाद (Vimla Prasad) का अंतिम संस्कार पटना (Patna) में गंगा किनारे दीघा स्थित जनार्दन घाट (Digha Ghat) पर हुआ। केंद्रीय मंत्री के छोटे भाई संजीव शंकर प्रसाद ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। उनकी शव यात्रा बोरिंग रोड, नागेश्वर कॉलोनी स्थित केंद्रीय मंत्री के आवास से निकल कर गंगा घाट तक पहुंची। विमलाजी की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में गण्यमान्य लोग शामिल हुए।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, विधायक अरूण कुमार सिन्हा, नितिन नवीन और संजीव चौरसिया के साथ ही बिहार पुलिस के डीजी आलोक राज भी घाट पर पहुंच गए हैं। पटना के डीएम कुमार रवि सुबह 10.30 बजे से ही उनके आवास पर डटे हुए थे।
विमलाजी का निधन गुरुवार की देर रात पटना के पारस अस्पताल में हो गया था। शुक्रवार को लोगों के अंतिम दर्शनार्थ उनके पार्थिव शरीर को बोरिंग रोड स्थित आवास ले जाया गया। तब से कई बड़े नेता यहां आकर उन्हें श्रद्धांजलि दे चुके हैं। विमला प्रसाद के पति ठाकुर प्रसाद जनसंघ और भाजपा के स्थापना काल से जुड़े रहे।
सभी पुत्र, सभी पुत्रियां और दामाद पहुंचे पटना
उनकी अंतिम यात्रा में कई केंद्रीय मंत्री और बड़े अधिकारी भी शामिल होंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला भी अंतिम यात्रा में शामिल हो सकते हैं। उनके आवास पर लोगों का आना-जाना लगातार जारी है। उनके सभी पुत्र, पुत्री और दामाद पटना पहुंच चुके हैं। वह अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्री सहित भरा परिवार छोड़कर गई हैं। बड़े पुत्र रविशंकर प्रसाद पटना साहिब लोक सभा के सांसद सह केंद्रीय विधि व न्याय, संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री हैं। दूसरे पुत्र राजीव शंकर उर्फ मनाेज पटना उच्च न्यायाल के अधिवक्ता के साथ व्यवसाय से जुड़े हैं। सबसे छोटे पुत्र संजीव शंकर प्रसाद व्यवसायी हैं। दिल्ली में रहते हैं। विमला देवी की पुत्री प्रतिभा प्रसाद, सुजाता प्रसाद और अनुराधा प्रसाद हैं। सबसे छोटी बेटी अनुराधा प्रसाद एक बड़े न्यूज चैनल की सीईओ हैं। उनके पति राजीव शुक्ला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं।
जेपी आंदोलन की सक्रिय महिला सेनानी थीं विमला
विमला देवी जनसंघ के संस्थापक सदस्य व पूर्व मंत्री ठाकुर प्रसाद की धर्म पत्नी थी। जेपी आंदोलन की सक्रिय महिला सेनानी थी। विमला देवी का 90 वर्ष की उम्र में पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि शनिवार को दोपहर 12.00 बजे दीघा घाट पर होगी। 11.00 बजे के आसपास नागेश्वर कॉलोनी से शव यात्रा निकलेगी और दीघा घाट पर अंतिम संस्कार होगा।