विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिंगापुर से लौटे लालू 'मौन', तेजस्वी-मीसा ने संभाला मोर्चा; राबड़ी आवास पर 'लाठीधारी' पहरा!

Published: Tue, 09 Jun 2026 09:29 PM (GMT+05:30)

सिंगापुर से पटना लौटे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हवाईअड्डे पर सरकार पर चुप्पी साधे रखी, जबकि तेजस्वी और मीसा भारती ने जमकर आलोचना की।

कार्यकर्ताओं के सुरक्षा घेरे में हवाईअड्डे से राबड़ी आवास पहुंचे लालू

कार्यकर्ताओं के सुरक्षा घेरे में हवाईअड्डे से राबड़ी आवास पहुंचे लालू

HighLights

  1. लालू प्रसाद यादव सिंगापुर से पटना लौटे, रहे मौन।

  2. तेजस्वी और मीसा भारती ने बिहार सरकार को कोसा।

  3. राबड़ी आवास पर सुरक्षा कटौती, कार्यकर्ताओं का घेराव।

राज्य ब्यूरो, पटना। मात्र एक पखवाड़े के भीतर पार्टी और परिवार के स्तर पर इतना कुछ घटित हो गया कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अब सरकार को लानत तक नहीं दे पा रहे। सिंगापुर में रुटीन चेकअप के बाद लालू मंगलवार को पटना लौट आए।

उनके साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव और सांसद पुत्री मीसा भारती भी थीं। एयरपोर्ट से लालू को पार्टी के नेता-कार्यकर्ता अपने सुरक्षा घेरे मेंं लेकर राबड़ी आवास पहुंचे।

दिल्ली में बरसे, पटना में 'खामोश'

मीडियाकर्मी कुरेदते रहे, लेकिन लालू मौन साधे रहे। दिल्ली की तरह यहां बिहार सरकार को भला-बुरा कुछ नहीं कहा। अलबत्ता तेजस्वी और मीसा ने सरकार को जी-भरकर कोसा। उनके बोले राजनीतिक-शाब्दिक मर्यादा की भी सीमा लांघ गए।

सिंगापुर से दिल्ली लौटने पर लालू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए पागल आदि विशेषण का उपयोग किया था। उल्लेखनीय है कि दिल्ली से लालू 28 मई को सिंगापुर रवाना हुए थे। उससे तीन रोज पहले वे पटना से दिल्ली गए थे। वहां तेजस्वी के पुत्र इराज की पहली जन्मतिथि पर समारोह का आयोजन हुआ था।

वहां से राबड़ी पटना लौटीं, तो सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस तीसरी बार मिल गया। कुछ दिन बाद लालू-राबड़ी की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती कर दी गई।

नाराज हुईं राबड़ी

राबड़ी ऐसी नाराज हुईं कि उन्होंने बंगले के भीतर-बाहर से सभी सुरक्षाकर्मियों को खदेड़ दिया। उसके बाद सोशल मीडिया पर रोहिणी आचार्य ने ललकार लगाई और लाठियां लिए राजद-जन राबड़ी आवास की सुरक्षा में पहुंच गए। उन्हीं पहरुओं में से कुछ लालू को लेने एयरपोर्ट पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- 'NDA सरकार ने अच्छी शुरूआत की...', लालू-राबड़ी की सुरक्षा घटाने पर पटना में बोलीं मीसा भारती