Lalu Yadav Health Update: लालू यादव की तबीयत खराब, दिल्ली ले जाने के लिए तैयार है परिवार
Lalu Yadav Health Update राजद अध्यक्ष लालू यादव की तबीयत ठीक नहीं है। वे रविवार को अपने घर में सीढ़ी से गिर गए थे। इस दौरान उन्हें कई जगह चोटें आई हैं। लालू यादव पहले से भी कई बीमारियों से जूझ रहे हैं।
पटना, जागरण टीम। Lalu Yadav Health Update: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है। पटना में अपनी पत्नी राबड़ी देवी के सरकारी आवास में रविवार को वे सीढ़ियों से फिसल कर गिर गए थे। इस दौरान उन्हें कई जगह चोटें आईं। डाक्टरों की टीम ने घर पर ही उनका इलाज किया, लेकिन रात होते-होते उनकी तबीयत और गंभीर हो गई। पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लालू यादव को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने मंगलवार की सुबह अपने पिता की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की है, जिसमें वे अस्पताल के बेड पर लेटे दिख रहे हैं।
रोहिणी आचार्य ने अपने पिता का हाल वीडियो काल के जरिए जाना। वह लालू यादव - राबड़ी देवी की दूसरे नंबर की संतान हैं। रोहिणी अपने पति के साथ सिंगापुर में रहती हैं। उनकी बड़ी बहन मीसा भारती राजद की सांसद हैं और दिल्ली में रहती हैं। पिता की तबीयत खराब होने की सूचना पर मीसा तुरंत पटना पहुंची थीं, तो रोहिणी ने भी अपने पिता का हाल जाना। वीडियो काल पर वह रोती दिख रही हैं। रोहिणी ने ट्वीट कर कहा कि करोड़ों लोगों की दुआवों की बदौलत उनके पिता ने हर बाधा से मुक्ति पाई है। ये लोग ही उनकी ताकत हैं। रोहिणी ने अपने पिता के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
आपको बता दें कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद की तबीयत रविवार की देर रात अचानक और अधिक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया। लालू रविवार की शाम अपने आवास में सीढ़ियों से गिर गए थे। इसके चलते उनके कंधे की हड्डी टूट गई है। आवास पर ही उनके फैमिली डॉक्टर ने इलाज कर कच्चा प्लास्टर चढ़ा दिया और आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद वह घर में ही आराम कर रहे थे, लेकिन रात को उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। फिलहाल पटना के पारस अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई है। लेकिन, ऐसी सूचना है कि परिवार उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली लेकर जा सकता है। परिवार इसके लिए पूरी तरह तैयार है, हालांकि पटना के डाक्टरों ने इसकी जरूरत फिलहाल नहीं जताई है। दिल्ली एम्स में लालू यादव का इलाज चलता रहा है।
मीसा भारती भी दिल्ली से पटना पहुंचीं
मिली जानकारी के अनुसार लालू यादव को पटना के पारस अस्पताल में सोमवार को सुबह चार बजे भर्ती कराया गया था। उनके बीमार होने की खबर सुनकर बड़ी बेटी मीसा भारती दिल्ली से पटना पहुंचीं और सीधे अस्पताल पहुंचीं। इससे पहले लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्वयं गाड़ी चलाकर लालू को अस्पताल पहुंचाया। लालू यादव के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए अस्पताल में डाक्टरों की टीम लगाई गई थी।
पहले से ही कई बीमारियों से घिरे हैं लालू यादव
पहले से ही कई तरह की बीमारियों से घिरे लालू की कमर में भी चोट है। देर रात उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी तो अस्पताल ले जाना पड़ा। आपको बता दें कि लालू यादव को किडनी में भी गंभीर समस्या है। उनकी किडनी बदलने के लिए भी चर्चा चलती रहती है। इसके लिए ही उन्होंने कोर्ट से विदेश जाने की अनुमति मांगी थी। लालू यादव अपनी किडनी का इलाज कराने सिंगापुर जाना चाहते हैं। लालू यादव की दूसरे नंबर की बेटी रोहिणी आचार्य अपने पति के साथ सिंगापुर में ही रहती हैं।