लालू ने कहा- पीएम मोदी का मंत्री तो अपने मन से कपड़ा भी नहीं पहन सकता
राजद अध्यक्ष लालू यादव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेर-बदल पर चुटकी लेते हुए पीएम मोदी पर कटाक्ष किया कि मोदी का मंत्री अपने मन से कपड़ा भी नहीं बदल सकता तो काम क्या करेगा?
पटना [जेएनएन]। केन्द्रीय कैबिनेट में होने वाले फेरबदल पर राजद सुप्रीमो लालू यादव ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्री जब अपने मन से कपड़ा तक नहीं पहन सकते तो काम क्या करेंगे? उन्होंने कहा कि गुजरात के चुनिन्दा अधिकारियों की एक टीम है जो असल में काम करती है।
रांची में चारा घोटाले के अलग-अलग मामलों पेशी के बाद शुक्रवार को लालू ने कहा कि पीएम को ही अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए, किसी मंत्री को काम नहीं करने देते हैं। मंत्रियों का कहां चलता है, मंत्री तो मनचाहा कपड़ा भी नहीं पहन सकते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी ने उन्हें हनुमान की तरह उनके चरणों में बैठे लिपटे रहने को कहा है।
20 लाख लोगों को भेजे आइटी नोटिस, पूछे खर्च का हिसाब
पटना में आयोजित 27 अगस्त की रैली को लेकर आईटी डिपार्टमेंट के सवाल जवाब पर उन्होंने कहा कि लोग अपना खर्चा करके रैली में आये थे। डिपार्टमेंट उनसे जाकर पूछे। बीस लाख लोगों को नोटिस भेजे। पार्टी ने कोई खर्च नहीं किया।
ललन सिंह चूहा, तीन अल्शीशियन कुत्ता पालकर रखे हैं नीतीश
बिहार में आई बाढ़ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस मामले में वहां के मंत्री का यह कहना कि सब बांध चूहों ने डैमेज कर दिया अजीब है। असल में चूहा तो वो खुद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही जाति के कांट्रेक्टर और अधिकारियों को प्रश्रय दे रखा है सिंह ने।
वहीं, दूसरी और लालू ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीन अल्शीशियन पाल रखे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम द्वारा बिहार सरकार को दिए गए 500 करोड़ रुपये फेंक देना चाहिए। ये कोई तरीका है ऊपर-ऊपर आये और बाढ़ देख कर चले गए।
शरद यादव हमलोगों के नेता हैं
लालू ने कहा कि शरद यादव हमलोग के नेता हैं। नीतीश तो उनके चक्रव्यूह में फंस गए हैं। नीतीश कुमार का क्या नाम लेना ....ही ईज अ फिनिशड चैप ....वो राजनीति में फिनिश्ड हैं। लालू ने कहा कि वो तो अब बस बीजेपी का पार्ट एंड पार्सल है। बीजेपी में कोई वजूद थोड़े न बचा है नीतीश कुमार का। वो बस बीजेपी का पार्ट एंड पार्सल है और बीजेपी में नीतीश कुमार का क्या वजूद रह गया है।
सुशील मोदी पर भी किया कटाक्ष
लालू ने बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि अभी तो उनके लिए अच्छा मौका है। उन्हें नीतीश कुमार को साइड कर देना चाहिए। उन्होंने कहा की बिहार के सीएम और डिप्टी सीएम दोनों हाल में उद्घाटित हुए सृजन घोटाले में फंसेगे।