लालू प्रसाद यादव ही रहेंगे 25 साल पुराने राजद के अध्यक्ष, तेजस्वी की भूमिका भी हो चुकी है तय
Bihar News बिहार की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी राजद पर लालू प्रसाद यादव का ही कब्जा रहेगा। वह लगातार 12वीं बार इस पार्टी की कमान संभालने जा रहे हैं। इसके साथ तेजस्वी यादव की भूमिका और भविष्य भी लगभग तय हो रहा है।
पटना, आनलाइन डेस्क। Lalu Prasad Yadav News: लालू प्रसाद यादव खुद की बनाई पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। पांच जुलाई 1997 को राजद की स्थापना हुई। तब से अब तक लालू प्रसाद यादव ही राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं। सही कहें तो इस राजद का इतिहास लालू प्रसाद यादव से अलग नहीं है।
लालू यादव पहली बार चारा घोटाले में जेल गए तो बना राजद
राजद की स्थापना से पहले लालू यादव जनता दल का हिस्सा थे। बिहार का मुख्यमंत्री रहते हुए लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में जेल जाने की नौबत आ गई। तब उन्होंने खुद तो सीएम पद इस्तीफा दिया, लेकिन इस पद पर अपनी पत्नी राबड़ी देवी को बैठाने पर अड़ गए। जनता दल के तमाम बड़े नेताओं को यह मंजूर नहीं था।
जनता दल में विभाजन के बाद हुई राजद की स्थापना
जनता दल के तमाम बड़े नेता चाहते थे कि बिहार के नए मुख्यमंत्री का फैसला पार्टी के स्तर से हो। ऐसे हालात में लालू यादव ने अपनी ताकत दिखाते हुए जनता दल में विभाजन करा दिया। जनता दल की लगभग पूरी बिहार इकाई अलग हो गई और राजद की स्थापना हुई। लालू प्रसाद यादव राजद के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।
पहली बार राजद में उभर रहा दूसरे नंबर का नेतृत्व
राष्ट्रीय जनता दल में स्थापना काल से लालू प्रसाद यादव के बाद दूसरे नंबर का कोई नेता शायद रहा हो। राजद का मतलब ही लालू यादव समझा जाता रहा है। लेकिन, अब पार्टी में दूसरे नंबर का नेतृत्व उभर रहा है। लालू यादव और राबड़ी देवी के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव पार्टी की कमान संभालने को पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन लालू परिवार और उनकी पार्टी में भी इसी बात पर सहमति बनी कि फिलहाल कमान पिता के हाथ में ही रहे।
लालू प्रसाद यादव के फिर से अध्यक्ष बनने की केवल घोषणा बाकी
लालू यादव के राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में कोई बाधा नहीं है। उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। वह बुधवार को यानी आज राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन दाखिल करने की समयसीमा समाप्त होने के बाद उनके अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। वैसे तो प्रक्रिया के अनुसार मतदान तक का कार्यक्रम निर्धारित है। इस खबर में इस्तेमाल किए गए स्क्रीन शाट्स राजद की वेबसाइट (https://rjd.co.in) से लिए गए हैं।