यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लालू ने RJD प्रवक्ताओं की लगाई क्लास, कहा- सुशील मोदी पर करो डबल अटैक
लालू प्रसाद ने राजद प्रवक्ताओं को पार्टी लाइन समझाते हुए उन्हें सुशील मोदी पर हमलावर होने का निर्देश दिया। सुशील ...और पढ़ें

पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने आज पार्टी प्रवक्ताओं की क्लास लगाई। बताया जाता है कि इसमें प्रवक्ताओं को इन दिनों लालू व उनके परिवार पर लगातार हमलावर भाजपा नेता सुशील मोदी पर डबल अटैक करने का निर्देश दिया गया। हालांकि, कुछ प्रवक्ताओं ने बाद में बताया कि बैठक में पार्टी के आगामी प्रशिक्षण शिविर को लेकर बात हुई।
मीडिया के बीच रहने वाले राजद के नेता अब सिर्फ सियासी विवरण देने वाले वक्ता की भूमिका में ही नहीं रहेंगे, बल्कि दमदार प्रवक्ता की तरह पार्टी का पक्ष रखेंगे। लालू प्रसाद एवं उनके परिवार पर भाजपा के तेज होते हमलों एवं राजद प्रवक्ताओं की चुप्पी से असहज आलाकमान ने पार्टी पर वार के प्रत्येक प्रयास का करारा जवाब देने का निर्देश दिया है।
प्रारंभ में राजद की ओर से किसी तरह का जवाब नहीं आया, किंतु पांच दिनों के बाद लालू ने सुशील मोदी के सारे आरोपों का बिंदुवार जवाब दिया। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी जब-कभी जरूरत के हिसाब से इन आरोपों पर मुंह खोला और सुमो को अपने तरीके से जवाब दिया।
हालांकि इस बीच राजद का कोई दूसरा नेता पलटवार करने के लिए सामने नहीं आया। यही कारण है कि लालू ने अपनी पार्टी के प्रवक्ताओं को बुलाकर स्पष्ट किया कि हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है। तेजस्वी यादव एवं तेजप्रताप की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर ही सुशील मोदी अनर्गल एवं असंगत आरोप लगा रहे हैं। लालू ने यह भी बताया कि आरोपों में कोई दम नहीं है। सब छवि खराब करने की साजिश है।
रक्षात्मक नहीं, आक्रामक होंगे तेवर
लालू ने अपनी पार्टी के प्रवक्ताओं को खुद ही ट्रेनिंग दी है। सुशील मोदी समेत भाजपा एवं अन्य विरोधी दलों के आरोपों का तर्कसंगत जवाब देने के लिए लालू ने पार्टी के पांच प्रवक्ताओं को प्रशिक्षण दिया है। इनमें अशोक सिन्हा, चितरंजन गगन, प्रगति मेहता, मृत्युंजय तिवारी एवं विधायक शक्ति यादव हैं। उन्हें बताया गया कि जिस शैली में विरोधी आरोप लगाने की कोशिश करें, उसी शैली में उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। जवाबी हमले करने में किसी बात की परवाह न करें।
कार्यकर्ताओं को भी पढ़ाएंगे लालू
संवाद एवं प्रचार की नई तकनीक को आइटी-वाइटी कहकर विरोधी दलों का मजाक उड़ाने वाले लालू प्रसाद अब खुद सबसे ज्यादा अपडेट रहते हैं। फेसबुक और ट्वीटर पर देश-दुनिया की सियासी घटनाओं पर प्रतिक्रिया देने में लालू किसी से पीछे नहीं रहते हैं। इसके लिए उन्होंने पहले खुद को अपडेट किया। फिर अपनी कोर टीम को ट्रेनिंग दी। अब अपने प्रवक्ताओं को पढ़ा रहे हैं। राजगीर में 2, 3 एवं 4 मई को प्रस्तावित पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में लालू कार्यकर्ताओं को भी नए तरीके से मोटिवेट करने वाले हैं।
