लालू का मोदी वार, कहा- BJP में नित्यानंद को परेशान कर रहे सुमो, बेटों को बताया निर्दोष
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने भाजपा की आंतरिक राजनीति पर कटाक्ष किए। कहा कि भाजपा में नित्यानंद राय को सुशील मोदी परेशान करा रहे हैं। उन्होंने अपने पुत्रों को बेदाग करार दिया।
पटना [राज्य ब्यूरो]। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने रविवार को सुशील कुमार मोदी (सुमो) पर हमला बोलते हुए भाजपा की अंदरुनी राजनीति को लेकर कटाक्ष किए। प्रदेश भाजपा में सुधीर शर्मा की हालिया बगावत की चर्चा करते हुए लालू ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय को सुशील मोदी के इशारे पर परेशान किया जा रहा है। सिर्फ इसलिए कि वह यादव हैं। भाजपा वालों को यादव अध्यक्ष रास नहीं आ रहा।
अपने बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव के 28वें जन्मदिन पर रविवार को लालू ने सुमो के तमाम आरोपों को निराधार एवं मनगढ़ंत बताते हुए बेटे को क्लीनचिट दी। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से कुछ नहीं होता। मेरे दोनों पुत्र बेदाग हैं। सुमो ने तेजप्रताप पर बेनामी संपत्ति रखने का आरोप लगाया था।
लालू ने तेजप्रताप को धार्मिक विचार का युवक बताया और कहा कि उनमें छल-प्रपंच नहीं हैं। वह सबके लिए सहज हैं। राबड़ी देवी ने कहा कि जनता ने तेजप्रताप को आशीर्वाद दिया है। इसलिए दो-दो विभाग की जिम्मेवारी मिली है।
इसके पहले रविवार को तेजप्रताप को जन्मदिन के अवसर पर बधाई व आशीर्वाद देने वालों का तांता लगा रहा। सबसे पहले उन्होंने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। बधाई देने वालों में राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, यूपी राजद अध्यक्ष अशोक सिंह, मंत्री विजय प्रकाश, तनवीर हसन, राकेश रंजन, चंदेश्वर प्रसाद सिंह, अशोक सिन्हा, विधायक राहुल तिवारी, सुबोध राय आदि शामिल हैं।