मोदी इतिहास थोपना चाहती है BJP: ललन सिंह, JDU अध्यक्ष ने नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर केंद्र पर बोला हमला
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुुक्रवार को कहा कि भाजपा देश के गौरवशाली इतिहास को बदलकर देश पर मोदी इतिहास थोपना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश का राष्ट्रपति राज्यसभा व लोकसभा का संरक्षक होता है...
पटना, राज्य ब्यूरो: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा देश के गौरवशाली इतिहास को बदलकर देश पर मोदी इतिहास थोपना चाहती है।
देश का राष्ट्रपति राज्यसभा व लोकसभा का संरक्षक होता है। प्रतिवर्ष बजट सत्र से पहले उनका अभिभाषण होता है, लेकिन देश के महान संविधान से भाजपा का विश्वास उठ चुका है। अपनी पीठ थपथपाने के लिए उन्होंने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बना दिया, लेकिन आज उन्हें अपमानित किया जा रहा है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति से नहीं कराना सीधे तौर पर संवैधानिक मूल्यों पर हमला है।
आदिवासी समाज से आने के कारण राष्ट्रपति के साथ भाजपा यह दुर्व्यवहार कर रही है। हमारे देश में वर्तमान संसद की महत्ता अतुलनीय है। उसकी गरिमा से छेड़छाड़ करना अनैतिक कृत्य है।
मोदी सरकार के 9 वर्ष झूठ और जुमलेबाजी को समर्पित रहे : राजीव रंजन
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने शुक्रवार को कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष झूठ और जुमलेबाजी को समर्पित रहे। इन नौ वर्षों के सफर को देखें तो इन सालों में देश के नाकामी और बदहाली के सिवाए कुछ नहीं मिला।
जिन वादों के दम पर मोदी सरकार सत्ता में आयी उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। जदयू प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार के प्रमुख वादों में यह था कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी कर दी जाएगी और सभी को घर दे दिया जाएगा।
अच्छे दिनों का क्या हुआ?- राजीव रंजन
प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को हर वर्ष रोजगार दिया जाएगा, लेकिन यह सभी वादे जुमले साबित हुए। इसके ठीक उलट नरेंद्र मोदी की सरकार में बेरोजगारी बढ़ गयी।
भाजपा को यह बताना चाहिए कि आखिर सारे वादे फेल होने के बाद भी वह नौ वर्षों की खुशियां कैसे मना रही? उन्हें बताना चाहिए कि आखिर अच्छे दिनों का क्या हुआ?