बिहार: किरण पटेल मामले में ललन सिंह ने केंद्र को घेरा, बोले- मोदी सरकार में फर्जी लोग जगह-जगह दुकान चला रहे
BHUWANESHWAR VATSYAYANPublish Date: Sat, 18 Mar 2023 10:33 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Mar 2023 10:33 PM (IST)
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शनिवार को कहा कि मोदी सरकार में फर्जी लोग जगह-जगह फैले हुए हैं।
ऐसे लोग फर्जीवाड़े की दुकान चला रहे हैं।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने प्रेस वक्तव्य में कहा कि यह बेहद हास्यास्पद है कि एक आदमी जम्मू-कश्मीर जाकर पांच सितारा होटल में ठहरकर उप राज्यपाल के साथ घूमा।
खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया और केंद्र के गृह मंत्रालय को यह पता ही नहीं चला। आखिर किसने उस आदमी को जेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई?
किसने उसे बुलेट प्रूफ कार उपलब्ध कराई? कई ऐसे सवाल हैं जिनके जबाव अब तक नहीं मिले हैं। भविष्य में जबाव मिलने के भी आसार नहीं हैं।
ललन सिंह ने कहा कि यह देश इसी तरह से चल रहा है। रेवड़ी की तरह सुरक्षा बांटे जा रहे हैं। निजी सुरक्षा को स्टेटस सिंबल बना दिया गया है।
केंद्र सरकार को समझना चाहिए कि निजी सुरक्षा बांटने से वोट नहीं मिलते।
किरण पटेल जैसे फर्जी लोगों को सुरक्षा मुहैया करवाने तथा उसके लिए पांच सितारा होटल व बुलेट प्रूफ गाड़ी की व्यवस्था कराए जाने की जांच होनी चाहिए। इसमें शामिल व्यक्ति पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
Edited By: Yogesh Sahu