इंडिगो की कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में फिर खराबी
पटना । इंडिगो की कोलकाता- पटना-कोलकाता फ्लाइट में शुक्रवार को एक बार फिर तकनीकी ख
पटना । इंडिगो की कोलकाता- पटना-कोलकाता फ्लाइट में शुक्रवार को एक बार फिर तकनीकी खराबी आ गई। सुबह में जब यह फ्लाइट कोलकाता से पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी तो पायलट को इस फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने की जानकारी मिली। इसके बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से कोलकाता भेजा गया। देर शाम बाहर से आए तकनीशियनों ने फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी को दूर किया व इसे वापस कोलकाता ले गए। इस बीच यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के आने तक काफी इंतजार करना पड़ा।
ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व भी इंडिगो की इसी कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण एक बड़ी घटना होते-होते बाल-बाल बच गई थी। यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार को कोलकाता से इंडिगो की यह फ्लाइट नियत समय से पटना आई थी। फ्लाइट के लैंड करते ही इसमें तकनीकी खराबी आ गई। डिस्प्ले स्क्रीन पर कुछ भी नहीं आ रहा था। पायलट ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल को दे दी। पटना से इस फ्लाइट से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को विमान में चढ़ने नहीं दिया गया। इंडिगो प्रबंधन से दूसरी फ्लाइट भेजने एवं इस फ्लाइट को ठीक करने के लिए विशेषज्ञों की टीम भेजने को कहा गया। देर शाम इस फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी को ठीक कर लिया गया। इसके बाद इसे कोलकाता के लिए रवाना किया गया।