सड़क निर्माण को खोदे गए गड्ढों में भरा पानी, घरों से निकलना हुआ मुश्किल
पटना में भारी बारिश का असर दिखने लगा है। अनिसाबाद पुलिस कॉलोनी का तो हाल बेहाल है। राजधानी के कई स्थानों पर सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों से परेशानी बढ़ गई है।
पटना, जेएनएन। अनीसाबाद पुलिस कॉलोनी संप हाउस के कई चैंबर और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण पूरी कॉलोनी में जलजमाव हो गया है। मंगलवार को एक चैंबर बनाकर संप हाउस चालू किया गया। इसके बाद भी पानी नहीं निकल रहा है। मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी लगा हुआ है।
पुलिस कॉलोनी के सेक्टर बी, सी और डी में घरों के अंदर पानी घुसा हुआ है। सीवरेज नेटवर्क विस्तार को ले बुडको द्वारा जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। इनमें पानी भर गया है। ऐसे में ये गड्ढे जानलेवा हो गए हैं। बी सेक्टर के उमेश नारायण मिश्र कहते हैं कि बुडको और नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही से जलजमाव हो गया है। अंजनी कुमार मिश्र, जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि लोगों को अपने घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस कॉलोनी में 27 जून से जलजमाव है। सीआइएसएफ कैंप का पानी भी इसी कॉलोनी में आ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार जैसे-तैसे सीवरेज लाइन बनाने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है।
पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल जलनिकासी में लगा हुआ है। पुलिस कॉलोनी के सचिव से एक कच्चा निर्माण कराकर पानी निकासी का आग्रह किया है। सचिव से अनुमित मिलते ही निगम की टीम पानी निकालने के लिए तैयार है।
पानी निकासी के लिए रामकृष्णानगर में सड़क की खुदाई से परेशानी
पटना नगर निगम के कंकड़बाग अंचल ने रामकृष्णनगर के ज्योतिपथ की मुख्य सड़क की खोदाई कर दी। इस कारण 10 हजार की आबादी प्रभावित हो गई है। रास्ता बंद हो गया है। सड़क खोदाई के कारण लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। लोग अपने घर से निकलने के लिए बांस की चाली लगाकर निकल रहे हैं। सड़क खुदाई से स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश बढ़ गया है।
जिला शिक्षा कार्यालय के रास्ते में जलभराव
प्रेमचंद रंगशाला के पास स्थित जिला शिक्षा कार्यालय के रास्ते में जलजमाव हो गया है। हल्की बारिश में समस्या हो रही है। कार्यालय का रास्ता गड्ढे में है। पानी निकलने की व्यवस्था नहीं है। नगर निगम ने ईंट भरकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। फिर भी जलजमाव से परेशानी है।
गर्दनीबाग के निचले इलाके में अभी भी जलजमाव
गर्दनीबाग के निचले इलाके में अब भी जलजमाव है। मुख्य सड़कों से पानी निकल गया है। जबकि करबिगहिया के आसपास के लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत नहीं मिली है।