लोकसभा चुनाव: कीर्ति आजाद की बिहार में नहीं बनी बात, किस्मत आजमाने चले झारखंड
लोकसभा चुनाव को लेकर कीर्ति आजाद के झारखंड से खड़ा होने की खबर आ रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें धनबाद लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बना सकती है।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव को लेकर कीर्ति झा आजाद के झारखंड से खड़ा होने की खबर आ रही है। कहा जा रहा है कि वे कांग्रेस के टिकट पर झारखंड के धनबाद लोकसभा क्षेत्र से खड़ा हो सकते हैं। कांग्रेस में ऐसी चर्चा बहुत तेजी से चल रही है। यह भी कहा जा रहा है कि बिहार के दरभंगा लोकसभा क्षेत्र में उनके चुनाव लड़ने पर बात नहीं बनी।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार बीजेपी से कांग्रेस में गए सांसद कीर्ति झा आजाद अब झारखंड से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्हें धनबाद से कांग्रेस अपना उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इसकी विधिवत घोषणा नहीं की गई है। बता दें कि झारखंड का धनबाद लोकसभा क्षेत्र महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के खाते में गया है।
दरअसल बिहार के दरभंगा लोकसभा क्षेत्र से कीर्ति आजाद खड़ा होना चाह रहे थे, लेकिन उनकी सारी कोशिशें बेकार होने की बात सामने आ रही हैं। दरभंगा लोकसभा क्षेत्र राजद के कोटे में गया है। राजद ने वहां से अब्दुल बारी सिद्दीकी को खड़ा किया है। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी राजद इस सीट के लिए टस से मस नहीं हुआ। ऐसे में कांग्रेस को अपने कदम पीछे खींचने पड़े।
बता दें कि कीर्ति आजाद 2014 के लोकसभा चुनाव में दरभंगा से बीजेपी के टिकट जीते थे। बाद में वित्त मंत्री अरुण जेटली से उनके संबंध खराब हो गए। बाद में उन्होंने पार्टी में ही बगावत कर दी। इसके बाद कीर्ति आजाद को बीजेपी ने निलंबित कर दिया। इसके बाद बीजेपी से अपने टिकट कटते देख उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। 18 फरवरी को उन्होंने राहु्ल गांधी के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।