बिहार में पार्षद दंपती के पास 3.56 करोड़ की काली कमाई, जमीन के 54 दस्तावेज मिले
पूर्वी चंपारण के केसरिया नगर पंचायत के मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक के पांच ठिकानों पर ईओयू ने छापामारी की।

बिहार में पार्षद दंपती के पास 3.56 करोड़ की काली कमाई, जमीन के 54 दस्तावेज मिले
HighLights
केसरिया पार्षद दंपती के पांच ठिकानों पर EOU की छापेमारी।
ज्ञात आय से 3.56 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति मिली।
पटना, दिल्ली सहित कई जगहों पर 54 जमीन के दस्तावेज।
राज्य ब्यूरो, पटना। पूर्वी चंपारण के केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक के पांच ठिकानों पर मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने छापामारी की।
इस छापामारी में पार्षद दंपती के पास ज्ञात आय से 3.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 124.81 प्रतिशत अधिक है।
जांच टीम को पटना, दिल्ली, मुंबई, मोतिहारी और केसरिया में जमीन खरीद से संबंधित 54 कागजात मिले हैं, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी गई है।
ईओयू के अनुसार, बरामद नकदी, आभूषण, वाहन संबंधी कागजात और जमीन के दस्तावेजों का वास्तविक मूल्यांकन कर रही है। इसके बाद अवैध संपत्ति की राशि बढ़ने की संभावना है।
ईओयू ने पार्षद दंपती के विरुद्ध अंकित कांड और लोक सेवक के रूप में कर्तव्य के विचलन की जानकारी सक्षम प्राधिकार को भी भेज दी है। ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में ईओयू थाने में कांड भी दर्ज किया है।
ईओयू की टीम ने केसरिया के चैनपुर स्थित रजनीश पाठक के पैतृक आवास, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के नजदीक स्थित उनके निजी आवास, युवराज गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम तथा नगर पंचायत के सरकारी भवन स्थित मुख्य पार्षद कार्यालय में तलाशी ली।
इसके अलावा पटना जिले के दानापुर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर बी-101 में भी छापामारी की गई।
2008 में पहली बार बने थे वार्ड पार्षद:
जांच एजेंसी के अनुसार, रजनीश कुमार पाठक वर्ष 2008 में पहली बार केसरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ से पार्षद निर्वाचित हुए थे। वह वर्ष 2018 तक इस पद पर रहे।
वर्ष 2023 में वह वार्ड संख्या सात से दोबारा पार्षद निर्वाचित हुए और वर्तमान में भी इस पद पर हैं। उनकी पत्नी किरण देवी वर्ष 2023 से केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं।
कार्रवाई के बाबत पार्षद रजनीश कुमार पाठक ने बताया कि छापामारी में आए पदाधिकारी मेरे यहां से कैश दो लाख रुपये व कुछ जमीन के कागजात लेकर गए हैं। रुपये गैस गोदाम के थे। जांच में सब सच सामने आ जाएगा।
