जेपी नड्डा 22 फरवरी को आएंगे बिहार, भूपेंद्र यादव बोले- नीतीश के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से बनेगी NDA सरकार
बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव ने रविवार को पटना में भाजपा जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। कहा- 22 फरवरी को बिहार आएंगे जेपी नड्डा। बिहार में नीतीश के नेतृत्व में बनेगी सरकार।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार भाजपा के प्रभारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव रविवार को बिहार में थे। वे पटना में दिन भर भाजपा के जिलाध्यक्षों व प्रभारियों के साथ बैठक की। उनका मन भांपा। उन्हें चुनावी टिप्स भी दिए। साथ ही कहा कि बिहार में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। विपक्षी मैदान में कहीं टिकेगा नहीं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी 22 फरवरी को बिहार आएंगे। वहीं 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने रविवार को पार्टी के जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव 2020 की रणनीति पर चर्चा हुई। इसे लेकर संगठन की मजबूती व इसे आगे बढ़ाने तक के मसले पर बात हुई।
उन्होंने पार्टी की रणनीतियों की जानकारी देते हुए कहा कि 22 फरवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा (जेपी जड्डा) बिहार आ रहे हैं। वे बिहार यात्रा के दौरान भाजपा के 11 जिला कार्यालय भवनों का उद्घाटन यहीं से करेंगे। इसके साथ ही संगठन की लाइब्रेरी, कार्यकर्ता के बीच पुस्तक वितरण आदि योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कोर कमेटी की बैठक करेंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, चुनाव में एनडीए को विजयी बनाने जैसे मसलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
भूपेंद्र यादव ने बताया कि आज जिलाध्यक्षों की बैठक में तय हुआ है कि संगठन विस्तार कार्य पूरा होने के बाद छह अप्रैल को पंचायत स्तर पर पार्टी का स्थापना दिवस आयोजित किया जाएगा। बैठक में बिहार प्रभारी के अलावा गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल के साथ ही सभी जिलाध्यक्ष और प्रभारी मौजूद रहे।