बिहार: कांग्रेस को महागठबंधन का फाइनल अल्टीमेटम, कल तक करेंगे इंतजार
राजद और कांग्रेस के बीच सीटों की संख्या को लेकर फंसा पेंच सुलझ नहीं पा रहा है। अब राजद ने कल संयुक्त पीसी करने का फैसला लिया है। कल तक कांग्रेस का इंतजार होगा नहीं आई तो फैसला...
पटना, जेएनएन। राजद ने कांग्रेस को फाइनल अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि वो नौ सीटों पर चुनाव लड़े, जबकि कांग्रेस 11 सीटों की जिद पर अड़ी हुई है। इधर, राजद ने कहा है कि कांग्रेस को कुल नौ सीटें दी जाएंगी। कांग्रेस नेताओं का इंतजार किया जा रहा है, अगर वे नहीं आए तो कल की संयुक्त बैठक में कांग्रेस के लिए नौ सीटें छोड़कर बाकी सीटों का बंटवारा कर लिया जाएगा।
बता दें कि पिछले एक हफ्ते में बिहार में महागठबंधन में सीटों के बंटवारे की समस्या सुलझाने के प्रयत्न किए जा रहे हैं, लेकिन नतीजा बेअसर रहा है। अब कहा जा रहा है कि बातचीत का दौर आज भी चलता रहेगा।हालांकि सूत्रों के हवाले से ये खबर भी आ रही है कि कांग्रेस बिहार में 9 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ सकती है और इसपर सहमति बन चुकी है।
वहीं, इस बीच कांग्रेस नेता अशोक राम ने कहा है कि कांग्रेस पूरे देश में बड़े भाई की भूमिका में रही है। केंद्र में कांग्रेस को सरकार बनाना है। वामदल से राजद के नेता कर रहे हैं। कांग्रेस से वामदल की बात नहीं हुई है, कांग्रेस चाहती है कन्हैया बेगूसराय से चुनाव लड़े।