Jehanabad, Lok Sabha Election Phase 7: सुरेंद्र व चंद्रवंशी की लड़ाई को अरुण ने बनाया त्रिकोणीय
जहानाबाद में NDA से JDU प्रत्याशी चंदेश्वर प्रसाद महागठबंधन से RJD प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव और डॉ. अरुण कुमार राष्ट्रीय समता पार्टी (सेक्युलर) के बीच मुख्य मुकाबला है।
जहानाबाद, जेएनएन। सोन और फल्गु नदी से घिरे जहानाबाद में इस बार त्रिकोणीय संघर्ष है। वैसे तो 13 प्रत्याशी मैदान में हैं लेकिन एनडीए से जदयू प्रत्याशी चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, महागठबंधन से राजद से डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव और निवर्तमान सांसद डॉ. अरुण कुमार अपनी बनाई राष्ट्रीय समता पार्टी (सेक्युलर) से चुनाव मैदान में हैं।
चंद्रवंशी के पक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई जनसभाएं कर चुके हैं। सुरेंद्र यादव भी यहां से एक बार सांसद रह चुके हैं। जहानाबाद से सटे बेलागंज विधानसभा क्षेत्र वे लगातार विधायक चुने जा रहे। अरुण कुमार संसद में यहां का दो बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। चंद्रवंशी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम-काम के बलबूते मैदान में हैं।
लालू-राबड़ी मोर्चे ने रोचक बना दिया है मुकाबला
चुनाव प्रचार के दौरान सुरेंद्र ने विकास के वादे करने के साथ कहा था कि ये इलेक्शन देश और संविधान बचाने के लिए हो रहा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव के लालू-राबड़ी मोर्चा समर्थित प्रत्याशी वेदप्रकाश की मौजूदगी से मुकाबला रोचक बना हुआ है। दूसरे प्रत्याशी भी हाथ-पैर मार रहे हैं, लेकिन ये सारे गिनती के वोटों तक सिमट जाएंगे या खासा असर डालेंगे ये तो आखिरी चरण में ही तय होगा। ये देखना दिलचस्प होगा कि जहानाबाद में ऊंट किस करवट बैठता है।
इस बार 13 आजमा रहे हैं भाग्य
2019 में हुए लोकसभा चुनाव की बात करें तो यहां 13 प्रत्याशी हैं मैदान में हैं। जदयू के चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, राजद के डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव और निवर्तमान सांसद डॉ. अरुण कुमार के बीच त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल रहा है।
कहते हैं आंकड़े
कुल मतदाता: 1575018
पुरुष: 819469
महिला: 755502
थर्ड जेंडर: 47
2014 के नतीजे
डॉ. अरुण कुमार (रालोसपा): 322647
डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव (राजद): 280307
अनिल कुमार शर्मा (जदयू): 100851
जीत-हार का अंतर 42340
2009 के नतीजे
डॉ. जगदीश शर्मा (जदयू): 234769
डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव (राजद): 213442
डॉ. अरुण कुमार (कांग्रेस): 48487
जीत-हार का अंतर 21327
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप