2020 की कवायद: JDU पूरे देश में बनाएगा मेंबर, नीतीश ने शुरू किया सदस्यता महाअभियान
सीएम नीतीश कुमार ने शुरू किया जदयू की सदस्यता का महाअभियान। आठ जून से शुरू होनेवाला यह अभियान पांच जुलाई तक पूरे देश में चलेगा। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
पटना [जेएनएन]। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को जदयू की सदस्यता का महाअभियान शुरू किया। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने अपने-अपने बूथ के सदस्यों का नवीकरण कर और नए सदस्य बनाकर इस महाअभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने पटना के वार्ड नंबर नौ के राजभवन स्थित बूथ 326 के 25 सदस्यों को सदस्यता दिलाई, जबकि बशिष्ठ नारायण सिंह ने बक्सर के डुमरांव अनुमंडल स्थित कोपवां के अपने बूथ के 25 सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मौके पर नए सदस्यों को बधाई दी। खासकर उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के अध्यक्ष को विशेष बधाई दी। अरुणाचल प्रदेश में जदयू को राज्य पार्टी का दर्जा मिल गया है। उन्होंने कहा कि माह भर चलनेवाले इस सदस्यता अभियान में पार्टी से जुड़े लोग बढ़-चढ़ कर भाग लें। अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाएं।
इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित जदयू कार्यालय पहुंचे। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह के अलावा जदयू के राष्ट्रीय सचिव रवींद्र सिंह, मुंगेर के नवनिर्वाचित सांसद ललन सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे। जदयू का यह महाअभियान पूरे देश में आठ जून से शुरू होकर आगामी पांच जुलाई तक चलेगा। पिछले साल 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था।
प्रदेश जदयू अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह के निर्देश के अनुसार पार्टी के सांसदों-विधायकों के अलावा पार्टी के हर स्तर के पदाधिकारी को अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराना होगा। इसके लिए उन्हें बूथ कमेटी के पास जाना होगा। नए सदस्यों के बनाए जाने के आधार पर सांसदों-विधायकों और पदाधिकारियों को क्रियाशील सदस्य घोषित किया जाएगा।
पटना स्थित सदस्यता अभियान समारोह में दूसरे राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही देश भर में सदस्यता अभियान शुरू हो जाएगा। जदयू सदस्यता की मियाद तीन साल की होती है। वहीं पांच जुलाई को इस महाअभियान के समाप्त होने के बाद पार्टी की प्राथमिक इकाई से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुनाव संपन्न कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सदस्यता फाॅर्म प्रदेश के सभी पंचायत वार्डों को उपलब्ध करा दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप