झारखंड में रघुवर सरकार के खिलाफ बड़ा आंदाेलन करेगा JDU, 25 को नीतीश करेंगे शंखनाद
भले ही बिहार में जदयू और भाजपा में दोस्ती हो परन्तु बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड में जदयू अपने पांव जमाने की तैयारी में है। वहां जदयू अपने दमखम पर दो-दो हाथ आजमाने को तैयार है।
पटना, राज्य ब्यूरो। भले ही बिहार में जदयू और भाजपा में दोस्ती हो, परन्तु बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड में कुछ भी ठीक नहीं है। झारखंड में जदयू अपने पांव जमाने की तैयारी में है। पार्टी अपने दम पर वहां के राजनीतिक मैदान में दो-दो हाथ आजमाएगी। जदयू झारखंड विधानसभा चुनाव में वहां की सभी सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगा। इतना ही नहीं, चुनावी शंखनाद के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 25 अगस्त को झारखंड जाएंगे।
झारखंड प्रदेश जनता दल यू (जदयू) के अध्यक्ष सलखान मुरमू एवं संगठन प्रभारी अरुण कुमार ने पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में जनता रघुवर दास की सरकार से ऊब चुकी है और नीतीश कुमार को विकल्प के रूप में देख रही है।
झारखंड के दोनों नेताओं ने कहा कि रघुवर सरकार के खिलाफ उनकी पार्टी क्रांति दिवस, विश्व आदिवासी दिवस के दिन से आंदोलन की शुरुआत करेगी। नौ अगस्त को क्रांति दिवस है, इसलिए उसी दिन से यह अभियान चलाने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन कई चरणों मे होगा। 25 अगस्त को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब बिहार के मुख़्यमंत्री नीतीश कुमार खुद झारखंड आएंगे, जहां वे विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती का शंखनाद करेंगे। उसी कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप