जदयू संसदीय दल के नेता ललन सिंह का बड़ा आरोप, कहा- हर चुनाव में पैसा वसूलता है राजद
जदयू संसदीय दल के नेता ललन सिंह ने राजद पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में राजद पैसे की वसूली करता है। अब यह नहीं चलने वाला है। जनता विकास पर वोट देती है।
पटना, राज्य ब्यूरो। लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भी लोकसभा चुनाव के परिणाम की पुनरावृति होगी। भावना भड़का कर वोट लेने का समय खत्म हो गया है, इसलिए राजद को अब कोई लाभ नहीं मिलेगा। विकास के नाम पर वोट मिलता है। न्याय के साथ विकास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ध्येय है। वे बुधवार को मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य के हर हिस्से और तबके का विकास हुआ है। यहां तक कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद के गांवों का विकास भी इसी शासन में हुआ है।
ललन सिंह ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद को चुनौती दी और कहा कि उनमें नैतिक बल है तो राजद को राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद के चुनाव में टिकट बेचना बंद करवा दें। राजद एकमात्र ऐसा दल है, जो हरेक चुनाव में टिकट बेचता है। खुद राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद सिम्बॉल देते समय उम्मीदवारों से रुपये मांग लेते हैं। सिंह ने कहा कि जगदानंद 15 साल तक मंत्री थे। बताएं कि उनके गांव की सड़क अपने शासनकाल में कब बनी थी। जल संसाधन मंत्री रहते हुए उनके क्षेत्र की महात्वाकांक्षी दुर्गावती सिंचाई परियोजना पूरी नहीं हुई। इसे पूर्ण कराने का श्रेय भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही जाता है।
उन्हाेंने कहा कि वे विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की चर्चा नहीं करना चाहते हैं। तेजस्वी भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए, लेकिन राजद में रहकर ईमानदारी की चर्चा करना प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद को भी शोभा नहीं देता है। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के गिने-चुने ईमानदार नेताओं में से हैं। उन्होंने वोट के लिए कभी झूठा वादा नहीं किया। यही वजह है कि चुनाव दर चुनाव जदयू की लोकप्रियता बढ़ी है। आपदा के समय किसी सरकार की क्षमता की परख होती है। सरकार हर आपदा में जनता के साथ खड़ी रही है। इसके विपरीत राजद शासन काल में आपदा को लूट का अवसर बना दिया जाता था।